BPSC 70वीं मुख्य परीक्षा: 5401 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू का न्योता, 21 जनवरी 2026 से होगी शुरुआत

पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 70वीं संयुक्त मुख्य परीक्षा में सफल घोषित किए गए 5401 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार (इंटरव्यू) राउंड के लिए आमंत्रित किया है। आयोग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। साक्षात्कार की प्रक्रिया 21 जनवरी 2026 से शुरू होगी।

वेबसाइट का नियमित विजिट करने की सलाह

आयोग के परीक्षा नियंत्रक द्वारा जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है कि इंटरव्यू से जुड़ी विस्तृत जानकारी जल्द ही BPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। आयोग की वेबसाइट पर प्रकाशित सूचना को ही अंतिम और सही माना जाए।

BPSC 70वीं मुख्य परीक्षा: 5401 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू का न्योता, 21 जनवरी 2026 से होगी शुरुआत

120 अंकों का होगा साक्षात्कार

बता दें कि 70वीं संयुक्त मुख्य परीक्षा का आयोजन 25 अप्रैल से 30 अप्रैल 2025 के बीच पटना के 32 परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। इस परीक्षा में कुल 20,034 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 5,401 उम्मीदवारों को सफल घोषित किया गया है। इन्हीं सफल अभ्यर्थियों को अब इंटरव्यू राउंड के लिए बुलाया गया है।
साक्षात्कार कुल 120 अंकों का होगा और प्रतिदिन 10 से 20 अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लिया जाएगा।

2035 पदों पर होगी नियुक्ति

इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 2035 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। अंतिम मेरिट सूची मुख्य परीक्षा के 900 अंक और साक्षात्कार के 120 अंक, यानी कुल 1020 अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। परिणाम आरक्षण श्रेणी के अनुसार घोषित किया जाएगा। यदि किसी अभ्यर्थी के कुल अंक समान होते हैं, तो मुख्य परीक्षा में अधिक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी को मेरिट सूची में वरीयता दी जाएगी।

चयन प्रक्रिया का पूरा विवरण

70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के तहत प्रारंभिक परीक्षा के लिए कुल 4.83 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। 13 दिसंबर 2023 को राज्य भर के 912 परीक्षा केंद्रों पर 3,28,990 अभ्यर्थियों ने प्रारंभिक परीक्षा दी थी।
बापू परीक्षा परिसर में हुए हंगामे के कारण कुछ केंद्रों की परीक्षा रद्द कर दी गई थी, जिसे बाद में 4 जनवरी को 22 केंद्रों पर पुनः आयोजित किया गया। इसमें लगभग 12 हजार अभ्यर्थियों में से 5900 ने परीक्षा दी।

70वीं प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 24 जनवरी को जारी किया गया था, जिसमें कुल 21,581 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए थे। इसके बाद मुख्य परीक्षा में शामिल 20,034 अभ्यर्थियों में से 5,401 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया है।


 

  • ये भी पढ़े..

    अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भागलपुर वन विभाग में योग शिविर, वनकर्मियों ने अपनाया स्वस्थ जीवन का संकल्प

    Share Add as a preferred…