जमुई ट्रेन हादसे के 67 घंटे बाद डाउन लाइन से शुरू हुआ रेल परिचालन, बुधवार से दोनों लाइनें होंगी बहाल

जमुई: बिहार के जमुई जिले में हुए मालगाड़ी हादसे के करीब 67 घंटे बाद डाउन लाइन पर रेल परिचालन शुरू कर दिया गया है। रेल अधिकारियों के अनुसार मंगलवार शाम 5 से 6 बजे के बीच डाउन लाइन से पहली मालगाड़ी को सुरक्षित रूप से रवाना किया गया। जल्द ही अप लाइन पर भी ट्रेनों का परिचालन शुरू होने की संभावना है।

शनिवार रात हुआ था भीषण हादसा

यह हादसा शनिवार रात करीब 11 से 12 बजे के बीच सिमुलतला और जसीडीह के बीच टेलवा हॉल्ट रेलवे स्टेशन के समीप बरूआ नदी पर बने रेलवे पुल पर हुआ था। हादसे में एक मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि मालगाड़ी के कुछ डिब्बे पुल से नीचे नदी में गिर गए, जबकि लगभग आधा दर्जन बोगियां पुल से लटक गई थीं। कई बोगियां अप और डाउन दोनों लाइनों पर पुल के ऊपर ही फंसी रह गई थीं। इस हादसे में रेलवे ट्रैक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।

कोई हताहत नहीं, बड़ा नुकसान टला

राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई सूचना नहीं है। मालगाड़ी होने के कारण उसमें कोई यात्री सवार नहीं था, जिससे बड़ा जान-माल का नुकसान टल गया। हालांकि हादसे के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।

तीन दिनों तक चला राहत और बहाली कार्य

हादसे के बाद रेलवे का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया था। पटना–हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों का आवागमन बंद करना पड़ा। दर्जनों ट्रेनों को रद्द किया गया, जबकि कई ट्रेनों के मार्ग डायवर्ट किए गए, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

बहाली कार्य के लिए रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, जीएम और डीआरएम मौके पर कैंप किए हुए थे। सैकड़ों रेलकर्मी और इंजीनियरों को लगाया गया। पुल पर रात में काम के लिए विशेष लाइटिंग की व्यवस्था की गई थी। करीब तीन दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद सभी क्षतिग्रस्त बोगियों को हटाया गया।

बुधवार से सामान्य परिचालन की उम्मीद

जमुई स्टेशन मास्टर नीतीश कुमार ने बताया कि मंगलवार शाम 5:50 बजे डाउन लाइन से पहली मालगाड़ी का सफल परिचालन किया गया। अप लाइन पर भी जल्द ही ट्रायल के तौर पर ट्रेन चलाकर पूरी तरह जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि बुधवार से अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह सुचारू होने की उम्मीद है।

रेल परिचालन बहाल होने से यात्रियों और रेल प्रशासन ने राहत की सांस ली है।


 

  • Related Posts

    भागलपुर जदयू में ‘विवेकानंद’ युग की शुरुआत! नए जिलाध्यक्ष का हुआ भव्य स्वागत; कार्यकर्ताओं ने कहा- अब और मजबूत होगा संगठन

    Share Add as a preferred…

    Continue reading