बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले में चर्चित मोबाइल व्यवसायी सुमित कुमार की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक सप्ताह पहले अगवा किए गए सुमित कुमार का शव गंडक नदी से बरामद किया गया है। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
अपहरण के बाद निर्मम हत्या
लोहिया नगर थाना क्षेत्र के पन्हास निवासी सुमित कुमार को बदमाशों ने 23 दिसंबर की रात अगवा कर लिया था। इसके बाद उनकी बेरहमी से हत्या कर शव को गंडक नदी में फेंक दिया गया। घटना के बाद से परिजन और पुलिस लगातार सुमित कुमार की तलाश में जुटे थे, लेकिन कई दिनों तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।
गंडक नदी से बरामद हुआ शव
पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के बसही गंडक नदी घाट से सुमित कुमार का शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सीसीटीवी में कैद हुई थी अपहरण की वारदात
जानकारी के अनुसार, 23 दिसंबर की रात करीब साढ़े 11 बजे सुमित कुमार अपनी मोबाइल दुकान बंद कर गाड़ी से घर लौट रहे थे। घर से कुछ ही दूरी पर चार अपराधियों ने एक उजाले रंग की चार पहिया गाड़ी से उतरकर सुमित कुमार के साथ मारपीट की और जबरन उन्हें गाड़ी में बैठाकर अपहरण कर लिया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा गया कि सुमित कुमार लगातार विरोध कर रहे थे, लेकिन अपराधियों ने बेरहमी से पिटाई करते हुए उन्हें उठा ले गए।
रोड रेज की आशंका
पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि यह मामला रोड रेज से जुड़ा हो सकता है। डीएसपी सदर अनिल पांडे ने बताया कि उसी रात सुमित कुमार की हत्या कर दी गई थी और शव को समस्तीपुर बॉर्डर के पास एक पुल से गंडक नदी में फेंक दिया गया।
डीएसपी अनिल पांडे ने कहा,
“घटना 23 दिसंबर की रात करीब साढ़े 11 बजे की है। यह रोड रेज का मामला प्रतीत हो रहा है। सुमित कुमार को इनोवा सवार अपराधियों ने उठाया, मारपीट की और समस्तीपुर बॉर्डर पर पुल से गंडक नदी में फेंक दिया। सात दिन बाद शव बरामद हुआ है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, बाकी की तलाश जारी है।”
तीन आरोपी फरार
फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
परिवार का बयान
मृतक के भाई मिथिलेश कुमार ने कहा,
“मेरे भाई का किसी से कोई झगड़ा नहीं था। बदमाशों ने घर लौटते समय उसका अपहरण कर लिया और उसकी हत्या कर दी। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।”
इस घटना के बाद बेगूसराय में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।


