बिहार में बढ़ते अपराध पर जदयू नेता का अपनी ही सरकार पर हमला, गृह मंत्री सम्राट चौधरी से इस्तीफे की मांग

बेगूसराय: बिहार में लगातार बढ़ते अपराध को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव सिंह राणा ने अपनी ही सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था के लिए सीधे तौर पर गृह विभाग और गृह मंत्री सम्राट चौधरी को जिम्मेदार ठहराया है।

बेगूसराय में हाल ही में हुए एक सनसनीखेज हत्या कांड के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है। इस मामले को लेकर युवा जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव सिंह राणा ने कहा कि जब से गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी सम्राट चौधरी को मिली है, तब से अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं।

“अपराधियों का नंगा नाच चल रहा है” – गौरव सिंह राणा

गौरव सिंह राणा ने कहा,
“पूरे बिहार में अपराधियों का नंगा नाच चल रहा है। गृह मंत्रालय सम्राट चौधरी से संभल नहीं रहा है, इसलिए उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। जब तक गृह मंत्रालय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास था, तब तक राज्य में इस तरह की हत्याएं नहीं होती थीं।”

सत्ता पक्ष के भीतर मची हलचल

एनडीए सरकार में शामिल जदयू के वरिष्ठ नेता के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। विपक्ष पहले से ही बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर सरकार को घेरता रहा है, लेकिन अब सत्ता पक्ष के भीतर से उठी इस आवाज ने सरकार के लिए नई चुनौती खड़ी कर दी है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बयान से एनडीए के अंदरूनी मतभेद सार्वजनिक हो गए हैं। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि जदयू नेता के इस बयान पर भाजपा और गृह मंत्री सम्राट चौधरी की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है।


 

  • Related Posts