सहरसा में निगरानी की बड़ी कार्रवाई, सेल टैक्स कार्यालय का चपरासी 75 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

सिमरी बख्तियारपुर के ढाबे पर हुई ट्रैप कार्रवाई, भागलपुर निगरानी कोर्ट में पेश

भागलपुर | बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सहरसा जिले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सेल टैक्स कार्यालय में पदस्थापित चतुर्थ वर्गीय कर्मी को 75 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को घूस की रकम लेते समय सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के एक ढाबे से पकड़ा गया।

बैंक अकाउंट सेटलमेंट के नाम पर मांगी गई थी रिश्वत

यह मामला सिमरी बख्तियारपुर निवासी टायर व्यवसायी सिराजुल हुदा से जुड़ा है। पीड़ित व्यवसायी का आरोप है कि उनके बैंक खाते से जुड़े सेटलमेंट के एवज में सेल टैक्स कार्यालय द्वारा 75 हजार रुपये की अवैध मांग की जा रही थी। आरोप है कि सेल टैक्स कार्यालय, सहरसा में पदस्थापित संयुक्त आयुक्त प्रवीण कुमार के कथित निर्देश पर चतुर्थ वर्गीय कर्मी शंकर कुमार रिश्वत की राशि वसूलने पहुंचा था।

पीड़ित के अनुसार, सेटलमेंट कराने का आश्वासन देकर पूरी राशि तय की गई थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गया।

निगरानी विभाग ने रची ट्रैप योजना

रिश्वत की मांग से तंग आकर टायर व्यवसायी सिराजुल हुदा ने निगरानी विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की प्रारंभिक जांच और सत्यापन के बाद निगरानी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी शंकर कुमार को रिश्वत की रकम लेते ही रंगे हाथ धर दबोचा।

निगरानी डीएसपी ने की पुष्टि

इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए निगरानी विभाग के उपाधीक्षक पवन कुमार ने बताया कि आरोपी चतुर्थ वर्गीय कर्मी शंकर कुमार को 75 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में सेल टैक्स कार्यालय के संयुक्त आयुक्त प्रवीण कुमार की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

भागलपुर निगरानी कोर्ट में पेश

गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भागलपुर निगरानी न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। निगरानी विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी भी स्तर पर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों या कर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा।

निगरानी का सख्त संदेश

इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि राज्य में भ्रष्टाचार के विरुद्ध निगरानी विभाग पूरी तरह सतर्क है और आम नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

बाइट:
पवन कुमार, डीएसपी, निगरानी विभाग

  • Related Posts

    “राज्यसभा उपसभापति पद पर बड़ा बदलाव: नीतीश कुमार की संभावित नियुक्ति पर सियासी हलचल”

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया, अमित शाह और वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

    Share Add as a preferred…

    Continue reading