विधायक के आश्वासन के बावजूद कार्यपालक पदाधिकारी ने नहीं की पहल, नगर में गहराता स्वच्छता संकट
भागलपुर / सुल्तानगंज | नगर परिषद सुल्तानगंज के सफाईकर्मियों द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शुरू की गई अनिश्चितकालीन हड़ताल सातवें दिन भी जारी रही। मंगलवार को सफाईकर्मी नगर परिषद कार्यालय पहुंचे, जहां स्थानीय विधायक प्रोफेसर ललित नारायण मंडल द्वारा पूर्व में दिए गए आश्वासन के बावजूद कार्यपालक पदाधिकारी कृष्णा भूषण कुमार की अनुपस्थिति के कारण कोई ठोस पहल नहीं हो सकी।
विधायक के नहीं पहुंच पाने की स्थिति में उनके प्रतिनिधि इंजीनियर सुजीत कुमार एवं जदयू अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष महेश दास ने मौके पर मौजूद सफाईकर्मियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान कार्यपालक पदाधिकारी से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया, जिससे सफाईकर्मियों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
नगर में कचरे का अंबार, महामारी फैलने की आशंका
हड़ताल के कारण नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में कूड़ा-कचरा जमा हो गया है। सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी का अंबार लगने से बदबू फैल रही है और संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की है।
ये हैं सफाईकर्मियों की प्रमुख मांगें
सफाईकर्मियों ने बताया कि वे दो माह के बकाया वेतन के भुगतान, 18 माह के लंबित पीएफ (भविष्य निधि) की राशि जमा करने तथा नए संवेदक द्वारा आय से अधिक पीएफ की कटौती के विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। उनका कहना है कि बार-बार अनुरोध के बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रखने का ऐलान
सफाईकर्मियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं की जातीं, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र हस्तक्षेप नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस दौरान दर्जनों सफाईकर्मी नगर परिषद कार्यालय परिसर में मौजूद रहे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को दोहराया।


