भागलपुर। नववर्ष के आगमन से पहले शराब तस्कर एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं, जबकि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है। इसी कड़ी में क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है।
मामला लोदीपुर थाना क्षेत्र के दुर्गा मंदिर के पास का है, जहां एक टेंपू में शराब ले जाने की गुप्त सूचना 112 इमरजेंसी सेवा को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इससे पहले ही टेंपू चालक और शराब तस्कर मौके से फरार हो गए।
टेंपू के तहखाने से मिली 129 बोतल विदेशी शराब
पुलिस ने जब टेंपू की तलाशी ली तो उसके तहखाने से Royal Stag ब्रांड की 3.75 एमएल की कुल 129 बोतलें बरामद की गईं। शराब को बेहद शातिर तरीके से टेंपू के अंदर छिपाकर रखा गया था, ताकि किसी को शक न हो।
लोदीपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्त की गई शराब की कुल मात्रा 85.875 लीटर विदेशी शराब है। उन्होंने कहा कि शराब और टेंपू को जब्त कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
शराब तस्करों की तलाश तेज
पुलिस का कहना है कि फरार चालक और शराब तस्करों की पहचान की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि तस्करों तक जल्द पहुंचा जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराबबंदी कानून के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नववर्ष से पहले लगातार हो रही ऐसी बरामदगियों के बाद प्रशासन ने शराब तस्करों पर और सख्ती के संकेत दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में शराबबंदी को लेकर अभियान आगे भी जारी रहेगा।


