हाथियों को बचाने के प्रयास में तेजस राजधानी एक्सप्रेस डिरेल, भागलपुर रेल प्रशासन अलर्ट

भागलपुर: गुवाहाटी से आनंद विहार जाने वाली तेजस राजधानी एक्सप्रेस एक बड़े रेल हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना गुवाहाटी, जमुनामुख और कानपुर के बीच उस समय हुई, जब रेलवे ट्रैक पर हाथियों का एक झुंड आ गया। हाथियों को बचाने के प्रयास में ट्रेन की गति नियंत्रित की गई, इसी दौरान ट्रेन का एक लोको इंजन और सात कोच पटरी से उतर गए।

यह ट्रेन गुवाहाटी से चलकर भागलपुर के रास्ते आनंद विहार तक जाती है, जिसमें भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों की संख्या काफी अधिक रहती है। हादसे की सूचना मिलते ही भागलपुर रेल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया। यात्रियों एवं उनके परिजनों की सहायता के लिए भागलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है।

रेल प्रशासन की ओर से यात्रियों को ताजा जानकारी और सहायता उपलब्ध कराने के लिए टोल फ्री नंबर 8670725333 भी जारी किया गया है। प्रशासन ने अपील की है कि यात्री और उनके परिजन इसी हेल्पलाइन के माध्यम से जानकारी प्राप्त करें, ताकि अफवाहों से बचा जा सके।

घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए हैं ताकि प्रभावित यात्रियों को शीघ्र सहायता मिल सके और रेल परिचालन सामान्य किया जा सके।

रेल कर्मियों के अनुसार, हाथियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समय पर गति नियंत्रण किया गया, जिससे एक बड़े जान-माल के नुकसान को टालने का प्रयास किया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और आगे की जानकारी रेल प्रशासन द्वारा समय-समय पर साझा की जा रही है

  • ये भी पढ़े..

    बिहार में फिर सक्रिय होगा मानसून, 12 और 13 जुलाई को तेज हवा के साथ भारी बारिश के आसार; 17 जिलों के लिए अलर्ट जारी

    Share Add as a preferred…

    दरभंगा एयरपोर्ट को मिलेगी नई उड़ान, 912 करोड़ के टर्मिनल, नाइट लैंडिंग और नई सुविधाओं पर तेज हुई तैयारी

    Share Add as a preferred…