अवनीश कुमार सिंह ने संभाला भागलपुर प्रमंडल का प्रभार, प्रगति यात्रा की घोषणाओं को शीघ्र पूरा करने का दिया आश्वासन

भागलपुर प्रमंडल के नवपदस्थापित आयुक्त श्री अवनीश कुमार सिंह ने सोमवार को औपचारिक रूप से भागलपुर प्रमंडल का प्रभार ग्रहण किया। इससे पूर्व मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त के रूप में कार्यरत श्री सिंह ने जिला अतिथि गृह में पहुंचकर पदभार संभालने की प्रक्रिया पूर्ण की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने पुष्प गुच्छ भेंट कर भागलपुर की धरती पर उनका हार्दिक अभिनंदन किया। स्वागत कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, भागलपुर, अनुमंडल पदाधिकारी नवगछिया, आयुक्त के सचिव, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क, भागलपुर प्रमंडल तथा अनुमंडल पदाधिकारी सदर, भागलपुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

प्रमंडल कार्यालय परिसर में आयुक्त श्री अवनीश कुमार सिंह को महिला पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

भागलपुर से रहा है पूर्व का प्रशासनिक जुड़ाव
प्रभार ग्रहण करने के उपरांत संवाददाताओं से बातचीत करते हुए आयुक्त श्री अवनीश कुमार सिंह ने कहा कि उनके लिए यह सौभाग्य की बात है कि उन्हें एक बार फिर भागलपुर की सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि वे पूर्व में नगर आयुक्त के रूप में भी भागलपुर में कार्य कर चुके हैं और वर्ष 2017 में यहां से उनका स्थानांतरण हुआ था। लगभग सात वर्षों के बाद आज पुनः 15 दिसंबर 2025 को उन्होंने भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त के रूप में प्रभार ग्रहण किया है।

विकास कार्यों में आई है उल्लेखनीय प्रगति
आयुक्त ने कहा कि बीते सात वर्षों में भागलपुर जिले में उल्लेखनीय विकास हुआ है और ग्रामीण क्षेत्रों में भी विकास की स्थिति संतोषजनक रही है। उन्होंने कहा कि प्रगति यात्रा के दौरान माननीय मुख्यमंत्री द्वारा की गई सभी घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित गति से पूर्ण कराया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भागलपुर एवं बांका जिले में संचालित सभी महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन में अंतर-जिला, अंतर-विभागीय तथा राज्य स्तर के विभागों से समन्वय स्थापित किया जाएगा। प्रमंडल स्तर से जिला प्रशासन को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा, ताकि विकास योजनाओं को और अधिक गति मिल सके।

सुलभ, पारदर्शी और जनोन्मुख प्रशासन पर जोर
आयुक्त ने कहा कि उनका विशेष फोकस ग्रामीण स्तर और अनुमंडल स्तर पर आम जनता को सहज, सुलभ और पारदर्शी प्रशासन उपलब्ध कराने पर रहेगा। जन-उपयोगी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा और प्रशासनिक व्यवस्था को स्वच्छ व जवाबदेह बनाया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए जनता से फीडबैक लिया जाएगा, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंच सके।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने नवपदस्थापित आयुक्त को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

  • Related Posts

    आईपीएल 2026 में ‘बिहार के लाल’ का जलवा! ईशान किशन करेंगे सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी; पैट कमिंस हुए बाहर

    Share Add as a preferred…

    Continue reading