नवपदस्थापित आयुक्त अवनीश कुमार सिंह ने संभाला भागलपुर प्रमंडल का प्रभार, राजस्व मामलों के त्वरित निबटारे पर दिया जोर

भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी श्री अवनीश कुमार सिंह (बैच 2010) ने सोमवार पूर्वाह्न भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। प्रभार ग्रहण करने के पश्चात उन्होंने भागलपुर प्रमंडल अंतर्गत जिलों के प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक समीक्षा बैठक की।

इस बैठक में भागलपुर एवं बांका जिले के जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी एवं भूमि सुधार उप-समाहर्ता सहित संबंधित पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक के दौरान आयुक्त ने सभी पदाधिकारियों से कार्यालयों की वर्तमान स्थिति, दैनिक पत्रों के निष्पादन तथा राजस्व न्यायालयों में नियमित सुनवाई की स्थिति की जानकारी ली।

दैनिक कार्यों के समयबद्ध निष्पादन पर संतोष
जिला पदाधिकारी, भागलपुर एवं बांका ने अपने-अपने जिलों के अंतर्गत सभी कार्यालयों की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि दैनिक पत्रों एवं संचिकाओं का ससमय निष्पादन किया जा रहा है। साथ ही राजस्व न्यायालयों में नियमित सुनवाई कर वादों का निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है।

राजस्व मामलों में तेजी लाने के निर्देश
समीक्षा के उपरांत आयुक्त श्री अवनीश कुमार सिंह ने संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी तथा भूमि सुधार उप-समाहर्ता अपने-अपने न्यायालयों में प्राथमिकता के आधार पर नियमित सुनवाई कर लंबित राजस्व वादों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें।

उन्होंने सभी भूमि सुधार उप-समाहर्ताओं को अपने-अपने अंचल एवं हल्कों का नियमित निरीक्षण करने तथा लंबित मामलों के निपटारे में तेजी लाने का निर्देश दिया।

नीलाम पत्र पदाधिकारियों के लिए लक्ष्य निर्धारित
आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी नीलाम पत्र पदाधिकारी प्रत्येक माह कम से कम 10 वादों का निष्पादन करें तथा न्यूनतम 5 लाख रुपये की वसूली सुनिश्चित करें।

मैदानी भ्रमण और समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करें और यदि कहीं कोई समस्या सामने आती है तो उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री की घोषणाओं के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान
आयुक्त ने कहा कि प्रगति यात्रा के दौरान माननीय मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं से संबंधित सभी योजनाओं के सफल एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

इसके साथ ही कस्तूरबा बालिका विद्यालय एवं समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित सभी छात्रावासों एवं विद्यालयों के निरीक्षण के लिए टीम गठित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्य करने का निर्देश भी दिया गया।

बैठक के अंत में आयुक्त ने सभी पदाधिकारियों से आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया।

  • Related Posts

    होली पर घर जाने की टेंशन खत्म; रेलवे चलाएगा 4 स्पेशल ट्रेनें, भागलपुर-जमालपुर के रास्ते चलेगी ‘मालदा-उधना’ स्पेशल, 22 हजार से ज्यादा बर्थ का इंतजाम

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    भागलपुर: अब ‘अंगिका’ में समझिये रेलवे का डिजिटल टिकट; स्टेशन पर चला ‘रेलवन ऐप’ का जागरूकता अभियान, टिकट पर मिलेगी 3% की छूट

    Share Add as a preferred…

    Continue reading