चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद भी होटल में थीं मौजूद, ज्योति सिंह पर SDM की कार्रवाई

काराकाट विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी ज्योति सिंह के खिलाफ चुनाव आयोग ने प्राथमिकी दर्ज की है। इसकी पुष्टि बिक्रमगंज एसडीएम सह निर्वाचन पदाधिकारी प्रभात कुमार ने की है। यह कार्रवाई आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में की गई है।

क्या है मामला:
10 नवंबर की रात जिले के बिक्रमगंज के एक होटल में ज्योति सिंह अपने समर्थकों के साथ ठहरी हुई थीं। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने होटल में छापेमारी की। बताया गया कि ज्योति सिंह के कमरे सहित अन्य कमरों की तलाशी ली गई। इस दौरान ज्योति सिंह और एसडीएम के बीच बहस भी हुई।

ज्योति सिंह का आरोप:
ज्योति सिंह ने आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर परेशान किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस के पास महिला कांस्टेबल नहीं थी, इसके बावजूद उनके कमरे की तलाशी ली गई जो गलत है। उनका कहना था कि उन्हें और उनके समर्थकों को चार घंटे तक परेशान किया गया। उन्होंने पूछा कि किसकी साजिश के तहत यह कार्रवाई की जा रही है।

15 से 18 समर्थकों के साथ होटल में थीं:
अधिकारियों ने बताया कि 11 नवंबर को मतदान होना था, जबकि 9 नवंबर की शाम प्रचार अवधि समाप्त हो गई थी। इसके बावजूद ज्योति सिंह विंध्यवासिनी होटल में अपने 15 से 18 समर्थकों के साथ ठहरी हुई थीं।

एसडीएम प्रभात कुमार ने कहा:
“चुनाव आयोग के दिशा-निर्देश के अनुसार प्रचार अवधि खत्म होने के बाद बाहरी प्रचारक क्षेत्र में नहीं रह सकते। 9 नवंबर को प्रचार समाप्त हो गया था, फिर भी ज्योति सिंह अपने समर्थकों के साथ होटल में रहीं। मना करने के बावजूद नहीं मानीं।”

होटल के रजिस्टर में एंट्री नहीं:
एसडीएम ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि उनके तीन वाहनों में से दो की अनुमति समाप्त हो चुकी थी, जबकि तीसरी गाड़ी की अनुमति ली ही नहीं गई थी। होटल संचालक ने केवल तीन लोगों की एंट्री की थी, जबकि बाकी की जानकारी दर्ज नहीं थी।

कमरे में घुसने का आरोप गलत:
पदाधिकारी ने बताया कि जैसे ही जांच टीम को पता चला कि कमरे में महिलाएं हैं, वे दरवाजे पर ही रुक गए और भीतर प्रवेश नहीं किया। अन्य कमरों की तलाशी में कई बाहरी व्यक्ति पाए गए जिन्होंने जांच में सहयोग नहीं किया और पदाधिकारियों से बहस की।

एसडीएम प्रभात कुमार ने कहा:
“चुनाव आयोग के नियमों के उल्लंघन के मामले में केस दर्ज किया गया है। आगे वरीय पदाधिकारी के निर्देशानुसार कार्रवाई की जाएगी।”

काराकाट विधानसभा का चुनावी मुकाबला:
ज्योति सिंह भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह की पत्नी हैं और काराकाट सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ीं। काराकाट सीट पर जेडीयू से महाबली सिंह, इंडिया महागठबंधन से माले प्रत्याशी अरुण सिंह और जन सुराज से योगेंद्र सिंह मैदान में हैं।


 

  • ये भी पढ़े..

    बिहार के शहरों का बदलेगा चेहरा, विश्व बैंक के सहयोग से बनेगी नई अर्बन विकास रणनीति

    Share Add as a preferred…

    पटना में शुरू हुआ आम महोत्सव, कार्बाइड फ्री आम खरीदने उमड़े लोग; किसानों से सीधे जुड़ने की अपील

    Share Add as a preferred…