
भागलपुर | नवगछिया | 27 अक्टूबर 2025:भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल क्षेत्र में रविवार को एक हृदयविदारक घटना घट गई। इस्माइलपुर प्रखंड के नवटोलिया बजरंगबली मंदिर घाट पर गंगा में स्नान करने गए चार बच्चों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है।
घटना के संबंध में बताया गया कि नवटोलिया और छठु सिंह टोला के कुछ बच्चे दो साइकिलों से गंगा स्नान के लिए घाट पर आए थे। स्नान के दौरान एक बच्चा गहरे पानी में चला गया, जिसे बचाने के प्रयास में तीन अन्य बच्चे भी डूब गए। चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में एक बच्चे की पहचान नवटोलिया निवासी मिथिलेश मंडल के 10 वर्षीय पुत्र के रूप में की गई है, जबकि अन्य तीन बच्चे छठु सिंह टोला के बताए जा रहे हैं। सभी की उम्र 15 वर्ष से कम थी।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बच्चों को निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। सूचना पाकर स्वास्थ्य विभाग की टीम और एम्बुलेंस नवगछिया व गोपालपुर से मौके पर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने सभी बच्चों को अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूर्व मुखिया मनोहर कुमार मंडल और वर्तमान मुखिया अनिल कुमार ने बताया कि हर साल इस क्षेत्र में गंगा घाटों पर सुरक्षा की कमी के कारण ऐसी घटनाएं होती हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अनुमंडल प्रशासन समय-समय पर घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करे, तो इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सकता है।


