
भागलपुर, 11 अक्टूबर 2025 | बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र वैश्य समाज ने एनडीए गठबंधन पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। भागलपुर जिले के बिहपुर विधानसभा क्षेत्र से वैश्य समाज के प्रत्याशी संजिव कुमार पोद्दार ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दलों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
संजिव कुमार पोद्दार का कहना है कि एनडीए गठबंधन जहां एक ओर जाति आधारित जनगणना की बात करता है, वहीं दूसरी ओर वैश्य समाज के लिए चुनावी टिकट बंटवारे में उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि बिहार में किसी भी विधानसभा सीट पर वैश्य समाज को उम्मीदवार नहीं दिया गया, जो उनकी मान्यता में बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
भागलपुर जिले के बिहपुर विधानसभा क्षेत्र सहित सातों विधानसभा क्षेत्रों में वैश्य समाज के एनडीए प्रत्याशी को टिकट नहीं मिलने के चलते उन्होंने चेतावनी दी कि वैश्य समाज एनडीए गठबंधन के खिलाफ खुलकर विरोध करेगा।
संजिव कुमार पोद्दार ने एनडीए सरकार के घटक दलों पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनके अनुसार, बिहार में बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार और अपराध की घटनाएं आम जनता के लिए चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में वैश्य समाज अपने अधिकार और सम्मान के लिए सशक्त आवाज उठाएगा।


