
पटना, 19 सितंबर 2025। बिहार में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत छूटे हुए पात्र लाभुकों के लिए कैम्प मोड में राशन कार्ड निर्गमन अभियान 22 सितम्बर 2025 से शुरू हो जाएगा। यह अभियान 10 अक्टूबर तक चलेगा।
कैम्प कहां और कैसे होगा
- प्रत्येक पंचायत मुख्यालय पर मुख्यतः पंचायत सरकार भवन में कैम्प आयोजित किया जाएगा।
- प्रत्येक कैम्प में आपूर्ति विभाग एवं अन्य विभाग के पदाधिकारी और कर्मी कम्प्यूटर/लैपटॉप के साथ उपस्थित रहेंगे।
- आवेदनकर्ता कैम्प में ही राशन कार्ड के लिए आवेदन करेंगे और उन्हें तुरंत रसीद जारी की जाएगी।
ऑनलाइन् प्रक्रिया
कैम्प के दौरान प्राप्त सभी आवेदन ‘Rconline.bihar.gov.in’ पर ऑनलाइन दर्ज किए जाएंगे। आवेदनों की समयानुसार जाँच कर पात्र लाभुकों को राशन कार्ड निर्गत किया जाएगा।
प्रचार और जागरूकता
कैम्प की तिथि और स्थान का व्यापक प्रचार-प्रसार आयोजन से पहले स्थानीय मीडिया और पंचायत माध्यमों से किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लाभुक अभियान का लाभ ले सकें।
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का कहना है कि यह पहल सुविधाजनक और पारदर्शी तरीके से राशन कार्ड वितरण सुनिश्चित करेगी और राज्य में खाद्यान्न सुरक्षा को और मजबूत बनाएगी।


