
पटना। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को पटना की रैली में बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “हाइड्रोजन बम आ रहा है, बीजेपी के लोग तैयार हो जाओ। इसके बाद मोदीजी इस देश को अपना चेहरा नहीं दिखा पाएंगे।”
“वोट चोरी की सच्चाई सामने आएगी”
राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी के लोग काले झंडे दिखाते हैं लेकिन अब पूरा देश समझ रहा है। “एटम बम से बड़ा हाइड्रोजन बम होता है, वोट चोरी की सच्चाई पूरे देश को पता चलने जा रही है।” उन्होंने दावा किया कि बिहार से शुरू हुआ नारा “वोट चोर गद्दी छोड़” लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
पीएम मोदी और विदेश नीति पर भी हमला
राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा, “चीन और अमेरिका में भी लोग यही बोल रहे हैं— वोट चोर गद्दी छोड़।”
खरगे ने नीतीश पर साधा निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी मंच से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार बीजेपी-आरएसएस की झोली में गिरे हैं। चुनाव के बाद बीजेपी आपको वहीं फेंक देगी, जहां कचरा फेंकते हैं।” खरगे ने रैली की अव्यवस्था पर भी सवाल उठाए और कहा कि विपक्ष को दबाने की कोशिश कभी सफल नहीं होगी।
तेजस्वी यादव का वार: “ओरिजिनल CM चाहिए या डुप्लीकेट?”
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने भी मंच से अधिकारियों और सरकार को चेतावनी दी। उन्होंने कहा, “सरकार बनी तो भ्रष्टाचार पर कार्रवाई होगी। मोदी जी झूठ की फैक्ट्री चलाते हैं।”
तेजस्वी ने अशोक चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके विभाग से करोड़ों की बरामदगी हुई, फिर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने जनता से सवाल किया— “आपको ओरिजिनल सीएम चाहिए या डुप्लीकेट?”


