
भागलपुर। समान काम का समान वेतन की मांग को लेकर बुधवार को गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) जवानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। जवानों ने कंबाइंड बिल्डिंग गेट से विरोध जुलूस निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जुलूस मनाली चौक, तिलकामांझी चौक, सैंडिस कंपाउंड होते हुए समाहरणालय गेट तक पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में जवान शामिल हुए और पूरे रास्ते “हमारी मांगे पूरी करो”, “समान वेतन दो”, “सरकार होश में आओ” जैसे नारे गूंजते रहे।
विरोध कर रहे जवानों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा। संघ के जिला अध्यक्ष अखिलेश्वर प्रसाद यादव ने कहा कि होमगार्ड जवान चुनाव ड्यूटी, वीआईपी सुरक्षा और आपदा प्रबंधन जैसे हर मोर्चे पर तैनात रहते हैं, फिर भी उन्हें न्यूनतम वेतन और सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले बिहार रक्षा वाहिनी स्वयंसेवक संघ के बैनर तले सैंडिस कंपाउंड मैदान में बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में निर्णय लिया गया था कि 27 अगस्त को समाहरणालय के समक्ष एक दिवसीय धरना प्रदर्शन होगा।
बैठक में जिला अध्यक्ष अखिलेश्वर प्रसाद यादव ने कहा था कि उनकी मांग पूरी तरह जायज है और अगर सरकार अब भी चुप रही तो जवान मजबूर होकर उग्र आंदोलन करेंगे। वहीं विभाग प्रसाद झा सचिन ने भी सरकार पर होमगार्डों के हक-हकूक देने में टालमटोल का आरोप लगाया और कहा कि अब अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


