भागलपुर, 23 अगस्त 2025। जिलाधिकारी भागलपुर डॉ. नवल किशोर चौधरी ने सबौर अंचल में चल रहे राजस्व महा अभियान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, अपर समाहर्ता दिनेश राम और वरीय उपसमाहर्ता अंकिता कुमारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने स्वयं लाभार्थियों को जमाबंदी पेपर प्रदान किया और राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
क्या है राजस्व महा अभियान?
बिहार सरकार द्वारा राजस्व अभिलेखों में मौजूद त्रुटियों को दूर करने और किसानों व रैयतों को लाभ पहुंचाने के लिए 16 अगस्त से 20 सितम्बर 2025 तक विशेष राजस्व महा अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान डोर-टू-डोर जाकर राजस्व संबंधी शिकायतों व परिवादों का निष्पादन किया जा रहा है।
अभियान में विशेष रूप से निम्नलिखित मामलों का निपटारा किया जा रहा है:
- अभिलेखों का परिमार्जन
- भूमि की मापी
- दाखिल-खारिज
- अवैध दखल/कब्जा से संबंधित विवाद
इस अभियान से आम किसानों और रैयतों को काफी लाभ मिल रहा है और भूमि विवादों के त्वरित समाधान की दिशा में यह पहल अहम मानी जा रही है।


