
लखीसराय : बिहार की राजनीति इन दिनों ‘वोटर अधिकार यात्रा’ को लेकर गरमा गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की अगुवाई में चल रही इस यात्रा के पांचवें चरण में लखीसराय आज सियासी जंग का मैदान बना रहा। यहां आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार और आरजेडी सांसद संजय यादव ने डबल इंजन सरकार पर करारा हमला बोला।
संजय यादव का बड़ा आरोप – “डबल इंजन सरकार वोट चोर है”
संजय यादव ने कहा कि बिहार की डबल इंजन सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा –
“पहले पढ़ाई चुराई, फिर नोट और दवा चुराई, अब वोट चुरा रहे हैं। बिहार में लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश हो रही है। आज हर गली, हर मोहल्ले और हर गांव से एक ही आवाज उठ रही है – डबल इंजन की सरकार वोट चोर है।”
आरजेडी सांसद ने कहा कि सरकार सिर्फ वोट ही नहीं, बल्कि चुनाव आयोग पर भी कब्जा कर चुकी है। “इन्होंने चुनाव आयोग को ही चोरी कर लिया है। हमने प्रमाणों के साथ आवेदन दिया और कोर्ट का धन्यवाद है कि संशोधन की प्रक्रिया शुरू हुई है।”
कन्हैया कुमार का केंद्र पर हमला – “देश को बना दिया ऑफिस”
युवा कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने मोदी सरकार पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा –
“2014 से 2025 तक लगातार लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश हो रही है। बीजेपी ने पूरे देश को एक दफ्तर में तब्दील कर दिया है, जहां सिर्फ ऊपर से आदेश आता है और जनता की आवाज दबा दी जाती है। लेकिन बिहार की जनता चुप बैठने वाली नहीं है, वो सड़कों पर उतरकर जवाब देगी।”
उन्होंने कहा कि यह यात्रा सिर्फ विरोध का मंच नहीं, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई है। “हम गांव-गांव जाएंगे और हर नागरिक को बताएंगे कि वोट सिर्फ अधिकार नहीं बल्कि उनकी ताकत है।”
यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की इस यात्रा को लेकर पूरे बिहार में जबरदस्त जनसमर्थन देखने को मिल रहा है। लखीसराय में हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए। नारे गूंजते रहे – “वोट चोरी नहीं चलेगी, लोकतंत्र की हत्या नहीं चलेगी।”
कन्हैया ने दावा किया कि बिहार की जनता ने साफ कर दिया है कि लोकतंत्र को खत्म करना इतना आसान नहीं है। यह यात्रा अब सिर्फ एक सियासी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनआंदोलन का रूप ले चुकी है।


