पटना। बिहटा-सरमेरा फोरलेन एक बार फिर मौत का मैदान साबित हुआ। गुरुवार की देर शाम गौरीचक थाना क्षेत्र के बेलदारीचक गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों युवक सड़क पर बुरी तरह गिर पड़े। राहगीरों की मदद से सभी को नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एनएमसीएच) भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में जान गंवाने वाले सभी की उम्र 19 से 28 साल के बीच बताई जा रही है। मृतकों की पहचान इस प्रकार है–
- रवि शंकर (19 वर्ष), निवासी – भेड़गामा
- विकास (28 वर्ष), निवासी – भेड़गामा
- जैकी (22 वर्ष), निवासी – गोपाल टोला
- सूरज, निवासी – नेहुरा, थाना जानीपुर
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक बाइक पर सवार दो युवक बेलदारीचक से मछली खरीदकर भेड़गामा लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और चारों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पने लगे।
हेलमेट नहीं पहनने से गई जान
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मौके पर किसी भी बाइक सवार का हेलमेट नहीं मिला। माना जा रहा है कि सभी युवक बिना हेलमेट के यात्रा कर रहे थे। पुलिस ने भी प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना है।
गांवों में मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इस हादसे के बाद भेड़गामा, गोपाल टोला और नेहुरा गांवों में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग हादसे की खबर सुनकर एनएमसीएच और थाने के चक्कर काटते रहे।
स्थानीय लोगों का गुस्सा – “फोरलेन पर रोज़ हादसे होते हैं”
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन को घेरते हुए कहा कि बिहटा-सरमेरा फोरलेन पर अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण बड़े हादसे होते रहते हैं। उन्होंने सरकार और प्रशासन से सड़क सुरक्षा को सख्ती से लागू करने और स्पीड कंट्रोल के इंतज़ाम की मांग की।


