श्रीनगर एयरपोर्ट पर फूटा सैन्य अफसर का गुस्सा, स्पाइसजेट के 4 कर्मचारियों से मारपीट, एक की रीढ़ की हड्डी टूटी

श्रीनगर, 4 अगस्त 2025 – श्रीनगर एयरपोर्ट पर 26 जुलाई को ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने हवाई यात्राओं की सुरक्षा और एयरलाइन कर्मचारियों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। गुलमर्ग स्थित हाई एल्टीट्यूड वारफेयर स्कूल में तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल आर.के. सिंह पर आरोप है कि उन्होंने दिल्ली जाने वाली फ्लाइट से पहले स्पाइसजेट के चार कर्मचारियों के साथ जमकर मारपीट की। इस हमले में एक कर्मचारी की रीढ़ की हड्डी टूट गई, जबकि दूसरे का जबड़ा क्षतिग्रस्त हो गया।

नियम बताना कर्मचारियों को पड़ा भारी

स्पाइसजेट के अनुसार, श्रीनगर से दिल्ली जाने वाली उड़ान SG-386 के लिए चेक-इन के दौरान अधिकारी दो बैग लेकर आए, जिनका कुल वजन 16 किलोग्राम था। लेकिन नियम के मुताबिक केबिन में केवल 7 किलोग्राम तक का सामान ही ले जाने की अनुमति होती है। जब ग्राउंड स्टाफ ने अतिरिक्त सामान के लिए भुगतान करने का अनुरोध किया, तो लेफ्टिनेंट कर्नल ने न सिर्फ भुगतान से इनकार किया बल्कि गेट की ओर जबरन बढ़ गए।

सीआईएसएफ जवान ने वापस लाया, फिर शुरू हुआ बवाल

सीआईएसएफ के जवानों ने उन्हें वापस गेट पर लाया। यहीं से अधिकारी का व्यवहार और आक्रामक हो गया। स्पाइसजेट का आरोप है कि अधिकारी ने स्टैंड से कर्मचारियों पर हमला किया, लात-घूंसे बरसाए और एक कर्मचारी को इस कदर मारा कि वह मौके पर ही बेहोश हो गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि अधिकारी ने जमीन पर गिरे बेहोश कर्मचारी को भी लात मारी।

वीडियो वायरल, मामला दर्ज, गिरफ्तारी नहीं

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिससे मामला और तूल पकड़ गया है। श्रीनगर पुलिस ने लेफ्टिनेंट कर्नल आरके सिंह के खिलाफ IPC की धारा 115 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। एयरलाइन ने उन्हें “नो-फ्लाई लिस्ट” में डाल दिया है।

सेना और सियासत दोनों ने लिया संज्ञान

सेना ने घटना पर बयान जारी कर कहा है कि वह जांच में पुलिस को पूरा सहयोग दे रही है। सेना अनुशासन के उच्चतम मानकों के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लेती है। उधर, जम्मू-कश्मीर के कई राजनीतिक दलों ने इस घटना की निंदा करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

गंभीर रूप से घायल दो कर्मचारी अस्पताल में भर्ती

स्पाइसजेट के अनुसार, पीड़ित कर्मचारियों में एक की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है, जबकि दूसरे का जबड़ा और दांत टूट चुके हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कंपनी ने कहा है कि वह अपने कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएगी।


 

  • Related Posts

    बेऊर जेल से बाहर आए ‘छोटे सरकार’! मोकामा में जश्न, पटना में ‘महाभोज’; बाहुबली अनंत सिंह की रिहाई से बिहार की सियासत में ‘भूचाल’

    HIGHLIGHTS: बाहुबली विधायक की ‘ग्रैंड’…

    Continue reading
    ‘झोला छाप सीएम नहीं चाहिए’: आईपी गुप्ता ने बिहार के नेतृत्व पर दिया बयान

    सहरसा: सहरसा के विधायक और…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *