
पटना | 28 जुलाई 2025: राजधानी पटना में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्तिकेय शर्मा ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। पांच थाना प्रभारियों (SHO) को उनके पद से हटाकर जिला पुलिस लाइन भेज दिया गया है। इन अधिकारियों पर अपने-अपने क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप है।
किस थानों के SHO हटाए गए
हटाए गए थाना प्रभारियों को कंकड़बाग, सुल्तानगंज, चौक, बेउर और पीरबहोर थानों में तैनात किया गया था। ये थाने शहर के अत्यंत संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाके माने जाते हैं।
“इन पुलिस अधिकारियों को उनके पदों से हटाकर पुलिस लाइन भेजा गया है, क्योंकि उनके कार्यक्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर प्रदर्शन असंतोषजनक रहा है।”
— कार्तिकेय शर्मा, SSP पटना
चंदन मिश्रा हत्याकांड के बाद आई तेजी
यह कार्रवाई उस समय सामने आई है जब हाल ही में पटना के एक अस्पताल में कुख्यात गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हत्या के मामले में कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में पांच पुलिसकर्मी निलंबित किए गए थे। इस घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे।
पुलिस महकमे में मचा हलचल
थानों में अचानक SHO के तबादले से पुलिस महकमे में हलचल मची हुई है। सूत्रों के अनुसार, SSP द्वारा कानून-व्यवस्था के मसले पर सभी थानों की प्रदर्शन रिपोर्ट की समीक्षा की जा रही है, और आने वाले दिनों में और भी कार्रवाई संभव है।


