
पटना, 24 जुलाई।बिहार पुलिस ने अपराध से अर्जित संपत्तियों की जब्ती के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया है। अब तक 1289 अपराधियों की संपत्तियां चिह्नित की जा चुकी हैं। इनमें से 306 मामलों में न्यायालय में जब्ती की अपील की गई है। जैसे ही न्यायालय से आदेश पारित होंगे, संबंधित संपत्तियों को राज्य सरकार के पक्ष में जब्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
बुधवार को पुलिस मुख्यालय द्वारा जनवरी से 20 जुलाई 2025 तक की उपलब्धियों की जानकारी दी गई। इस दौरान 6.40 लाख से अधिक लोगों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 126 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। सार्वजनिक शांति भंग करने की आशंका के तहत इन पर यह कार्रवाई की गई।
अन्य प्रमुख उपलब्धियाँ:
- धारा 135 के तहत: 1,33,561 लोगों से बांड पेपर भरवाया गया।
- सीसीए की धारा 3 के तहत: 1560 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई का प्रस्ताव जिलाधिकारियों को भेजा गया।
- इनमें 334 पर आदेश पारित कर उन्हें जिलाबदर या प्रतिबंधित किया गया है।
- सीसीए की धारा 12(1) के तहत:
- भागलपुर और नवादा के दो-दो तथा बेगूसराय के एक अपराधी समेत कुल 16 निरुद्ध आदेश पारित हुए हैं।
गंभीर अपराधों में कार्रवाई:
- हत्या, डकैती, लूट, बलात्कार, एससी-एसटी एक्ट व अपहरण जैसे गंभीर मामलों में 51,133 अपराधियों की गिरफ्तारी की गई।
- 2369 शस्त्र और 11,958 कारतूस बरामद किए गए।
जनता दरबार में समाधान की पहल:
- पुलिस मुख्यालय में डीजीपी विनय कुमार द्वारा प्रतिदिन जनता दरबार लगाया जाता है।
- 1 जनवरी से 20 जुलाई 2025 तक 29,983 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कार्रवाई जारी है।


