
भागलपुर। मायागंज अस्पताल में अब मरीजों को ऑपरेशन में जरूरी महंगे इंप्लांट और ब्रांडेड दवाएं सस्ती दर पर मिल सकेंगी। इसके लिए अस्पताल परिसर में अमृत फार्मेसी का आउटलेट स्थापित किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ 15 अगस्त को किया जाएगा।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. अविलेश कुमार ने जानकारी दी कि 600 वर्ग फीट क्षेत्र में बने आउटलेट का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। यह इमरजेंसी विभाग के पास ट्रॉमा सेंटर के सामने स्थित है। आउटलेट को एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड के माध्यम से संचालित किया जाएगा।
बिजली और ड्रग लाइसेंस की प्रक्रिया अंतिम चरण में
संचालक एजेंसी ने बुधवार को बताया कि आउटलेट में बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया लंबित है, जिसके लिए आवश्यक कागजात सोमवार तक उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके बाद ड्रग लाइसेंस प्राप्त कर औपचारिक संचालन शुरू किया जाएगा।
प्रारंभिक चरण में 250 दवाएं, आगे बढ़ेगी संख्या
अमृत फार्मेसी में शुरुआती चरण में 250 प्रकार की ब्रांडेड दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें किडनी, हृदय, कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की दवाएं भी शामिल हैं। मरीजों को दवाओं पर 15 से 60 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी।
आगे चलकर यहां उपलब्ध दवाओं की संख्या 1500 से 3000 तक बढ़ाई जाएगी, जिससे मरीजों को इलाज के लिए महंगे बाजार पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।


