
सावन के पावन महीने में भागलपुर-बासुकीनाथ कांवरिया पथ पर आयोजित भक्ति संध्या कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायिका स्नेहा सरगम ने अपनी सुरीली आवाज़ से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। जैसे ही उन्होंने बाबा भोलेनाथ के भक्ति गीत गाना शुरू किया, पंडाल में मौजूद लोग झूम उठे और भक्ति में सराबोर हो गए।
कार्यक्रम में स्नेहा सरगम ने “भोले बाबा के दरबार में”, “कांवड़ उठाइले चलीं शिव के नगरिया” जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। आयोजन स्थल पर भारी भीड़ उमड़ी रही और पूरा वातावरण हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।
राजनीतिक सद्भाव की मिसाल बना कार्यक्रम
यह आयोजन केवल भक्ति संगीत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मंच पर महागठबंधन और एनडीए के नेता एक साथ उपस्थित होकर सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल पेश की। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, बांका जिले के एनडीए प्रतिनिधि, और भागलपुर के जदयू सांसद अजय मंडल भी मंच साझा करते नजर आए।
कार्यक्रम के आयोजकों ने सभी नेताओं को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। यह आयोजन सीमावर्ती क्षेत्रों—खासकर भागलपुर और बांका जिलों के उन श्रद्धालुओं के लिए विशेष होता है जो हर साल सावन में बासुकीनाथ धाम की कठिन पदयात्रा पर निकलते हैं।
परंपरा, भक्ति और एकता का संगम
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कहलगांव क्षेत्र के स्थानीय युवाओं और सामाजिक संगठनों द्वारा कांवरिया शिविरों की श्रृंखला में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक एकता, भक्ति रस और सामाजिक सौहार्द का यह अद्भुत संगम सावन के इस विशेष अवसर को और भी यादगार बना गया।


