भागलपुर, गोराडीह प्रखंड।लोदीपुर थाना क्षेत्र के जमसी गांव के पास शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे बदमाशों ने एक आम व्यापारी से हथियार के बल पर 75 हजार रुपये लूट लिए। घटना उस समय हुई जब व्यापारी सड़क किनारे अपनी मोटरसाइकिल रोककर मोबाइल पर बात कर रहा था।
बाइक सवार दो बदमाशों ने दी वारदात को अंजाम
व्यापारी की पहचान सबौर के कुर्बन निवासी मो. दिलशाद के रूप में हुई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह आम का थोक व्यापारी हैं और बगीचा खरीदने के लिए अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से निकले थे। रास्ते में जमसी गांव के पास एक होटल के सामने रुककर जैसे ही वह मोबाइल पर बात करने लगे, पीछे से एक बाइक पर दो युवक पहुंचे और हथियार दिखाकर रकम छीन ली।
वारदात के बाद फरार हुए आरोपी
लूट के बाद दोनों बदमाश भागलपुर की ओर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही लोदीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की।
प्राथमिकी दर्ज, जांच जारी
लोदीपुर थानाध्यक्ष घनश्याम कुमार ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और बदमाशों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छानबीन की जा रही है।


