
भागलपुर | 3 जुलाई 2025: मोहर्रम पर्व को लेकर सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था की समीक्षा के लिए भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त श्री हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में भागलपुर, बांका और नवगछिया पुलिस जिला के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान आयुक्त ने भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री हृदय कांत से मोहर्रम को लेकर जिले में की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी जिले शांति समिति की बैठक थाना, अनुमंडल और जिला स्तर पर अवश्य पूरी करें, जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी के निर्देश
आयुक्त ने निर्देश दिया कि मोहर्रम जुलूस के सभी मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि संवेदनशील स्थानों की पहचान कर विशेष सतर्कता बरती जाए और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सभी इंतजाम समय पर कर लिए जाएं।
नवगछिया और बांका से मिला अपडेट
पुलिस अधीक्षक, नवगछिया, सुश्री प्रेरणा कुमार ने अपने क्षेत्र में मोहर्रम को लेकर सुरक्षा तैयारियों की जानकारी दी। वहीं, पुलिस अधीक्षक, बांका, श्री उपेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि धोरैया में निकलने वाले जुलूस में झारखंड से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, ऐसे में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने बताया कि थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें पूरी कर ली गई हैं।
आयुक्त श्री राय ने सभी जिलों को निर्देशित किया कि मोहर्रम के अवसर पर सभी प्रशासनिक और पुलिस इकाइयों के बीच तालमेल बना रहे और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए जनता से निरंतर संवाद किया जाए।


