
भागलपुर। नवगछिया पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी और टॉप टेन अपराधी ऋषभ चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। ऋषभ पर आर्म्स एक्ट, हत्या, डकैती, रंगदारी और पुलिस पर हमले जैसे गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश ने जानकारी दी कि ऋषभ चौधरी को खरीक थाना क्षेत्र के बलहा गांव से गिरफ्तार किया गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था, जो लगातार छापेमारी कर रही थी।
गौरतलब है कि 11 नवंबर 2024 को वादी शैलेश चौधरी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ऋषभ चौधरी और उसके साथी कटेला गांव स्थित उनकी दुकान पर रंगदारी मांगने पहुंचे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने दुकान पर फायरिंग कर दी थी और मौके से फरार हो गए थे। इस मामले में एक अन्य आरोपी प्रिंस कुमार पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
ऋषभ चौधरी के खिलाफ खरीक थाना में आधे दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में भी कई बार जेल जा चुका है। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरफ्तारी के बाद इलाके में आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगेगी।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी से पूछताछ की जा रही है और उसके बाकी साथियों की तलाश जारी है।


