7 मई को बिहार के 5 शहरों में मॉक ड्रिल, पटना में 15 मिनट बिजली बंद, गूंजेंगे सायरन

पटना, 6 मई 2025 | भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और संभावित आपातकालीन हालातों को देखते हुए केंद्र सरकार के निर्देश पर 7 मई को देशभर में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है। बिहार में यह मॉक ड्रिल राजधानी पटना समेत पांच प्रमुख शहरों – पूर्णिया, कटिहार, बेगूसराय और बरौनी में की जाएगी।

पटना में 15 मिनट बिजली बंद, शहरभर में बजेंगे सायरन
राजधानी पटना में प्रशासन ने मॉक ड्रिल की पूरी तैयारी कर ली है। बुधवार को शहरभर की बिजली 15 मिनट के लिए बंद कर दी जाएगी। इस दौरान मुख्य चौक-चौराहों, सरकारी प्रतिष्ठानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सायरन बजाए जाएंगे। साथ ही, नागरिकों को हवाई हमले या युद्ध जैसी स्थितियों में कैसे बचाव किया जाए, इसकी जानकारी दी जाएगी।

महत्वपूर्ण संस्थानों पर विशेष अभ्यास
मॉक ड्रिल के दौरान रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (गांधी मैदान), पटना यूनिवर्सिटी, पीएमसीएच जैसे अहम ठिकानों पर एक साथ सायरन बजेंगे, जिसके बाद फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की गाड़ियां सड़क पर सक्रिय दिखेंगी।

सिविल डिफेंस और युवाओं की अहम भूमिका
इस अभ्यास में बिहार राज्य आपदा प्राधिकरण और नागरिक सुरक्षा निदेशालय की मुख्य भूमिका है। मॉक ड्रिल में सिविल डिफेंस कर्मियों के अलावा होमगार्ड, एनसीसी, स्कूल और कॉलेज के छात्र भी भाग लेंगे। उन्हें आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और सामूहिक बचाव कार्यों की ट्रेनिंग दी जाएगी।

डीएम लेंगे समीक्षा बैठक
पटना के डीएम चंद्रशेखर ने मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर उच्च अधिकारियों के साथ मंगलवार शाम समीक्षा बैठक बुलाई है। प्रशासन का कहना है कि यह ड्रिल जमीनी स्तर पर नागरिक सुरक्षा की तैयारियों को परखने और सुधारने का अहम मौका होगी।

आपात स्थितियों की रिहर्सल है मॉक ड्रिल
गृह मंत्रालय का कहना है कि यह मॉक ड्रिल युद्ध, आतंकी हमला, भूकंप या अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है। यह एक तरह की संकट प्रबंधन की रिहर्सल है, जिससे यह आकलन किया जा सके कि असली स्थिति में सरकारी एजेंसियों और नागरिकों की क्या भूमिका होगी और उनकी तैयारी कितनी मजबूत है।


 

  • ये भी पढ़े..

    बी-टेक (लेटरल एंट्री) में नामांकन का पहला सीट आवंटन 25 जुलाई को, 23 जुलाई तक करें चॉइस फिलिंग

    Share Add as a preferred…

    25 जुलाई को बिहार के सभी प्रारंभिक विद्यालयों में होगी अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी, समावेशी शिक्षा पर होगा संवाद

    Share Add as a preferred…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *