
बिहपुर, नवगछिया | 6 मई:एनएच-31 पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में भतीजे की शादी में शामिल होने जा रहे युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना बिहपुर थाना क्षेत्र के भ्रमरपुर इंदिरा मंच के समीप घटी।
अज्ञात पिकअप ने बाइक को रौंदा
मृतक की पहचान खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र के दीनाचकला निवासी विकास कुमार साह (35 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपने भतीजे की बारात में नवगछिया के तेतरी गांव जा रहे थे। बाइक पर उनके साथ सवार शिव कुमार साह (30 वर्ष), निवासी बभनगामा, भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई, तभी पीछे से आ रही अज्ञात पिकअप वाहन ने बाइक को कुचल दिया और फरार हो गया।
पुलिस ने घायल को पहुंचाया अस्पताल
घायल शिव कुमार को बिहपुर सीएचसी लाया गया, जहां से स्थिति गंभीर होने पर भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक के शव का सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
एफआईआर दर्ज, वाहन की तलाश जारी
नवगछिया यातायात थानाध्यक्ष चंद्रदीप मंडल ने बताया कि अज्ञात वाहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और वाहन की तलाश की जा रही है। मृतक विकास कुमार का ससुराल मड़वा गांव में है।


