सदर अस्पताल भागलपुर में लापरवाही: 12 बजे ही बंद हो गया अल्ट्रासाउंड सेंटर, मरीज लौटे मायूस

भागलपुर सदर अस्पताल परिसर स्थित मॉडल हॉस्पिटल में संचालित अल्ट्रासाउंड जांच सेंटर में गुरुवार को गंभीर लापरवाही सामने आई। दोपहर 12 बजे ही रेडियोलॉजिस्ट सेंटर छोड़कर चले गए, जिससे तीन दर्जन से अधिक मरीजों, खासकर गर्भवती महिलाओं को बिना जांच कराए लौटना पड़ा।

गर्भवती महिलाएं हुईं परेशान

नूरपुर की रहने वाली पांच माह की गर्भवती नूरजहां सुबह 10 बजे अस्पताल पहुंचीं। डॉक्टर ने पैरों की सूजन देखकर तत्काल अल्ट्रासाउंड की सलाह दी, लेकिन जब वे दोपहर 12:10 बजे जांच कराने पहुंचीं तो बताया गया कि रेडियोलॉजिस्ट जा चुके हैं। इसी तरह गोराडीह की 25 वर्षीय निर्मला देवी भी छह माह की गर्भवती हैं। उन्हें भी डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड जांच की सलाह दी, लेकिन दोपहर 12:30 बजे पहुंचने पर उन्हें भी निराशा हाथ लगी। उन्होंने बताया कि अब वे निजी जांच केंद्र जाकर अल्ट्रासाउंड कराएंगी।

सिविल सर्जन ने जताई नाराजगी

इस मामले पर सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद ने कहा कि यह स्पष्ट रूप से रेडियोलॉजिस्ट की लापरवाही है। जांच का समय दोपहर दो बजे तक निर्धारित है, ऐसे में बिना सूचना के 12 बजे सेंटर छोड़ना अनुचित है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को संबंधित डॉक्टर से जवाब-तलब किया जाएगा।

स्वास्थ्य सेवाओं पर उठे सवाल

अल्ट्रासाउंड जैसी जरूरी जांच में इस तरह की लापरवाही से अस्पताल प्रशासन पर सवाल उठने लगे हैं। मरीजों और उनके परिजनों ने मांग की है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और दोषी कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

  • ये भी पढ़े..

    भागलपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप; पति हिरासत में

    Share Add as a preferred…

    भागलपुर के डीडीसी प्रदीप कुमार सिंह को भावुक विदाई, अधिकारियों ने कहा— उनके कार्यकाल से मिली नई कार्यशैली की सीख

    Share Add as a preferred…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *