भागलपुर। फरीदाबाद से नाबालिग लड़की को भगाने के आरोपी को हरियाणा पुलिस ने सुल्तानगंज से गिरफ्तार कर लिया। कांड के अभियुक्त आजाद कुमार को गिरफ्तार किए जाने के बाद उसे कोर्ट में प्रस्तुत किया गया। अभियुक्त मूल रूप से मुंगेर के बरियारपुर स्थित गांधीपुर का रहने वाला है। हरियाणा पुलिस की अर्जी पर एसीजेएम प्रथम उदय प्रताप की अदालत ने 72 घंटे का ट्रांजिट रिमांड दिया। ट्रांजिट रिमांड मिलने पर हरियाणा पुलिस अभियुक्त को अपने साथ ले गई।
हरियाणा के फरीदाबाद के सेक्टर 58 में केस दर्ज किया गया था। केस की अनुसंधानकर्ता सविता के साथ ही अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान फरीदाबाद से भागलपुर पहुंचे थे। 11 दिसंबर 2023 को घटना को लेकर केस दर्ज किया गया था। पहले तो कांड अपहरण की धारा में दर्ज किया गया था। बाद में जब पता चला कि अपहृता नाबालिग है तब कांड में पॉक्सो की धारा जोड़ी गई। गिरफ्तार किया गया अभियुक्त आजाद कांड का अप्राथमिकी अभियुक्त था। घटना के बाद से ही वह फरार था। केस दर्ज होने के बाद से हरियाणा पुलिस उसकी तलाश में थी। उसकी गिरफ्तारी के बाद अस्पताल में उसकी मेडिकल जांच भी कराई गई।


