बक्सर में 16.86 करोड़ की लागत से बनेंगे 300 महिला बैरक – सम्राट चौधरी

महिला पुलिस बल को मिलेगी आधुनिक आवासीय सुविधा, जी+3 संरचना में होगा निर्माण

पटना, 18 सितंबर।बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बक्सर पुलिस लाइन में 300 महिला बैरक के निर्माण को स्वीकृति दी गई है। इन बैरकों का निर्माण जी+3 संरचना में किया जाएगा, जिसमें फर्नीचर और आधारभूत सुविधाएं भी शामिल होंगी। इस परियोजना पर 16 करोड़ 86 लाख 70 हजार रुपये खर्च होंगे। राशि वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट से उपलब्ध कराई जाएगी।


महिला पुलिस बल को मिलेगा आधुनिक आवास

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार महिला पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर आवासीय एवं आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि बक्सर पुलिस लाइन में महिला बैरक निर्माण इस प्रयास का हिस्सा है।


पुलिस बल को सशक्त बनाने की पहल

श्री चौधरी ने कहा –

“2005 की तुलना में आज बिहार पुलिस बल में बड़ा बदलाव आया है। पिछले 20 वर्षों में पुलिसकर्मियों की संख्या 42 हजार से बढ़कर सवा लाख से अधिक हो गई है। हाल ही में 4,361 चालक सिपाही की भर्ती निकाली गई है और इससे पहले 21,391 सिपाहियों को नियुक्ति पत्र दिया गया।”

उन्होंने यह भी बताया कि बांका के कटोरिया में सिपाही प्रशिक्षण विद्यालय हेतु भूमि हस्तांतरण की स्वीकृति दी गई है। अब बक्सर पुलिस लाइन में महिला बैरक निर्माण से महिला पुलिसकर्मियों को सुरक्षित और आधुनिक आवासीय सुविधाएं मिलेंगी।


 

  • Related Posts