बिहार में पहली बार आयोजित ‘खेलो इंडिया एनटीपीसी जोनल आर्चरी टूर्नामेंट 2025’ में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
पटना, 15 सितंबर 2025:पाटलिपुत्र खेल परिसर में 13 और 14 सितंबर को आयोजित खेलो इंडिया एनटीपीसी जोनल आर्चरी टूर्नामेंट 2025 का आज भव्य समापन हुआ। यह प्रतियोगिता बिहार में पहली बार आयोजित की गई, जिसमें पूर्वी क्षेत्र के कई राज्यों के खिलाड़ी शामिल हुए।
प्रतियोगिता के मुख्य परिणाम
कंपाउंड स्पर्धा के फाइनल मुकाबले रोमांचक रहे।
- पुरुष वर्ग में आरएसपीबी के शुभम दास ने स्वर्ण पदक, झारखंड के दिव्यांशु सिंह ने रजत पदक और बिहार के विक्रम कुमार ने कांस्य पदक जीता। चौथे स्थान पर एमडी आदिल (एसपीएसबी) रहे।
- महिला वर्ग में पश्चिम बंगाल की प्राप्ति वेटेबल ने स्वर्ण पदक, झारखंड की संगीता कुमारी मुर्मू ने रजत पदक और झारखंड की ही राज अदिति कुमारी ने कांस्य पदक हासिल किया। चौथे स्थान पर सलोनी उरांव (झारखंड) रहीं।
बिहार के लिए गौरव का क्षण
बिहार के नालंदा जिले के विक्रम कुमार ने कड़े मुकाबले में कांस्य पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया।
सम्मान समारोह
समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को मेडल और नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।
- प्रथम स्थान: ₹20,000
- द्वितीय स्थान: ₹15,000
- तृतीय स्थान: ₹10,000
- चतुर्थ स्थान: ₹5,000
पुरस्कार वितरण समारोह में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के निदेशक सह सचिव श्री रविंद्र नाथ चौधरी, बिहार तीरंदाजी संघ के सचिव श्री मनोज कुमार, भारतीय तीरंदाजी संघ के कंपटीशन डायरेक्टर हरेश कुमार, बिहार ओलंपिक संघ की उपाध्यक्ष श्रीमती नूतन कुमारी और अंजलि कुमारी ने विजेताओं को सम्मानित किया।
बड़ी संख्या में खिलाड़ी हुए शामिल
इस टूर्नामेंट में बिहार, झारखंड, उड़ीसा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और एसपीएसबी, आरएसपीबी व सीएसईबी से कुल 350 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें 200 पुरुष और 120 महिला खिलाड़ी शामिल थे। बिहार से 36 पुरुष और 36 महिला यानी कुल 72 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में दमखम दिखाया।


