मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े युवक को मारी गोली, अपराध छोड़ने की मिली सजा? हत्या से इनकार करने पर पुराने साथी पर फायरिंग कराने का आरोप

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अपराध की दुनिया छोड़ चुके एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। साहेबगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में गुरुवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने युवक को गोली मार दी। घायल युवक की पहचान सूरज कुमार के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

अपराध छोड़ने के बाद शुरू हुआ नया जीवन

घायल सूरज कुमार ने बताया कि वह पहले आपराधिक गतिविधियों में शामिल था। नवंबर 2025 में जेल से रिहा होने के बाद उसने अपराध की दुनिया को हमेशा के लिए छोड़ने का फैसला किया। उसने कोर्ट और स्थानीय थाने में लिखित आवेदन देकर सामान्य जीवन जीने की जानकारी दी थी और परिवार का भरण-पोषण करने के लिए वाहन चलाने का काम शुरू कर दिया था।

पुराने साथी ने हत्या करने का बनाया दबाव

सूरज का आरोप है कि उसका पुराना साथी मनीष कुमार लगातार उसे एक व्यक्ति की हत्या करने के लिए दबाव बना रहा था। जब उसने ऐसा करने से इनकार कर दिया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और उसकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी।

घर पहुंचते ही बदमाशों ने चलाई गोली

पीड़ित के अनुसार, वह काम खत्म कर घर खाना खाने पहुंचा ही था कि बाइक पर सवार दो युवकों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली उसकी जांघ में लगी। परिजनों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं।

घायल ने पुराने साथी पर लगाया हमला कराने का आरोप

सूरज कुमार ने कहा,

“मैं पहले अपराध की दुनिया में था, लेकिन जेल से बाहर आने के बाद सब कुछ छोड़ दिया। मेरा पुराना साथी अपने दुश्मन की हत्या कराने का दबाव बना रहा था। मैंने मना किया तो उसने कहा कि अगर मेरे लिए काम नहीं करोगे तो तुम्हें ही मार देंगे।”

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

सरैया एएसपी अभिजीत कौर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल के बयान के आधार पर मनीष कुमार को मुख्य आरोपी बनाया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

उन्होंने कहा,

“घायल सूरज कुमार को इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से दो खोखे बरामद हुए हैं। घायल ने अपने बयान में मनीष कुमार को आरोपी बताया है।”

पहले पुलिस मुठभेड़ में भी शामिल रहा था सूरज

सूरज ने बताया कि पहले उसकी पुलिस के साथ मुठभेड़ भी हो चुकी थी। उसी घटना के बाद उसने अपराध छोड़ने का फैसला किया और नियमित रूप से थाने में अपनी उपस्थिति दर्ज कराता रहा।

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

पुलिस का मानना है कि घटना के पीछे पुरानी आपराधिक रंजिश और हत्या करने से इनकार मुख्य वजह हो सकती है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

  • ये भी पढ़े..

    ब्लड प्रेशर बिगड़ने के बाद लालू यादव AIIMS दिल्ली रेफर

    Share Add as a preferred…

    पटना हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: ताड़ी पीने के आरोप में बर्खास्त कांस्टेबल को मिली राहत, सेवा से हटाने का आदेश रद्द

    Share Add as a preferred…