मुख्यमंत्री आवास के बाहर युवक का हंगामा, इंदिरा आवास योजना में अनदेखी का लगाया आरोप

पटना, 14 जुलाई 2025।राजधानी पटना स्थित मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आधिकारिक आवास 1 अणे मार्ग पर सोमवार को अचानक उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक वहां पहुंचकर मुख्यमंत्री से मिलने की जिद पर अड़ गया। दोपहर लगभग 12 बजे हुई इस घटना ने कुछ समय के लिए पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति पैदा कर दी।

“अब यहीं बैठूंगा, जब तक मुख्यमंत्री से नहीं मिलूंगा”

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने आवास के मुख्य गेट पर बैठकर जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। उसका कहना था कि वह इंदिरा आवास योजना के तहत मिलने वाला घर मांगने आया है, जो उसे वर्षों से नहीं मिला। युवक ने बताया कि वह पंचायत और प्रखंड स्तर पर बार-बार आवेदन देने के बावजूद अनसुना किया जा रहा है

सुरक्षा में लगी पुलिस परेशान, भारी मशक्कत के बाद हटाया गया

मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा में तैनात जवान युवक की हरकत से सकते में आ गए और तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी। कुछ ही मिनटों में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और युवक को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन युवक बार-बार यही दोहराता रहा –

“जब तक मुख्यमंत्री जी से नहीं मिलूंगा, यहां से नहीं जाऊंगा।”

करीब आधे घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा लोगों की भीड़ इकट्ठा होने लगी। आखिरकार सुरक्षा कर्मियों और पुलिस की संयुक्त कोशिशों से युवक को वहां से हटाया गया और उसे थाने ले जाया गया।

पुलिस कर रही पूछताछ, प्रशासन को दी गई जानकारी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक युवक का आरोप है कि वह बेहद गरीब है, और स्थायी आवास नहीं होने के कारण खुले में रहने को मजबूर है। उसने स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से कई बार गुहार लगाई, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई।

फिलहाल युवक से पूछताछ की जा रही है और मामले की जानकारी जिला प्रशासन को दे दी गई है। आशंका है कि इस संबंध में संबंधित विभाग से रिपोर्ट तलब की जाएगी


सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर फिर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़ा कर दिया है। सरकार भले ही हर गरीब को छत देने का दावा कर रही हो, लेकिन जरूरतमंद लोगों को जब अपनी बात कहने के लिए मुख्यमंत्री निवास तक जाना पड़े, तो प्रणाली की जवाबदेही पर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कई मंचों से पारदर्शिता और जवाबदेही की वकालत कर चुके हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इस युवक की शिकायत को लेकर शासन-प्रशासन किस प्रकार कार्रवाई करता है।


 

  • Related Posts

    बिहार में राजस्व कर्मियों की हड़ताल से 537 अंचलों में काम ठप, आय-जाति-निवास से लेकर दाखिल-खारिज तक 20 सेवाएं प्रभावित

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    1 अप्रैल 2019 से पहले रजिस्टर गाड़ियों के लिए अलर्ट: HSRP नंबर प्लेट नहीं लगाई तो होगी सख्त कार्रवाई, बिहार में 1200 से अधिक वाहनों पर जुर्माना

    Share Add as a preferred…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *