भागलपुर में युवक की संदिग्ध हालात में मौत, गंगा घाट के किनारे झाड़ियों से मिला शव

भागलपुर। जिले में शनिवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बरारी गंगा घाट के पास झाड़ियों में 25 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान रतीपुर बैरिया निवासी गोविंद कुमार के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।

परिजनों ने आरोप लगाया कि मोहल्ले के ही अनु मंडल और संतोष मंडल उसे पार्टी करने के बहाने बुलाकर ले गए थे। उसी दौरान इलाके में बाढ़ की वजह से लोग टेंट में रह रहे थे। बताया गया कि पार्टी में मंगल मंडल ने शराब की व्यवस्था की थी। परिजनों के अनुसार, पार्टी के दौरान विवाद बढ़ा और गोविंद की हत्या कर शव को गंगा घाट के पास फेंक दिया गया।

सुबह स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों का कहना है कि मृतक का पहले से आरोपियों के साथ विवाद चल रहा था।

गोविंद तीन भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसकी मौत से परिवार में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।


 

  • Related Posts