भोजपुरी सिनेमा के दमदार एक्टर यश कुमार ने फैंस के साथ बड़ी खुशखबरी साझा की है। अक्सर अपनी फिल्मों और गानों की वजह से सुर्खियों में रहने वाले यश कुमार इस बार अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। एक्टर ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि वह तीसरी बार पिता बन गए हैं और बेटी की पहली झलक भी फैंस को दिखाई है।
दरअसल, भोजपुरी स्टार और अंजना सिंह के एक्स हसबैंड यश कुमार ने इंस्टाग्राम पर पत्नी निधि झा के साथ एक तस्वीर साझा की है। फोटो में निधि हॉस्पिटल बेड पर दिखाई दे रही हैं, जबकि यश अपनी नवजात बेटी को गोद में लिए मुस्कुरा रहे हैं। उन्होंने कैप्शन में लिखा —
“लक्ष्मी आई हैं। समस्त भोजपुरिया जहांन आप सभी मेरा परिवार हैं। आज सुबह हमारे परिवार में बिटिया रानी आई हैं। आप सभी हमारी लक्ष्मी बिटिया को आशीर्वाद दें। धन्यवाद – यश कुमार व निधि मिश्रा।”
जानकारी के अनुसार, जहां यश कुमार तीसरी बार पिता बने हैं, वहीं निधि झा दूसरे बच्चे की मां बनी हैं। इससे पहले दोनों का एक बेटा है। यश कुमार की यह दूसरी शादी है — उन्होंने इससे पहले एक्ट्रेस अंजना सिंह से शादी की थी, जिससे उनकी एक बेटी अदिति सिंह है। अदिति की परवरिश फिलहाल अंजना सिंह कर रही हैं।
कब टूटा था यश और अंजना का रिश्ता?
अंजना सिंह ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनकी शादी 2013 में हुई थी और 2015 में बेटी अदिति का जन्म हुआ था। लेकिन 2017-18 में दोनों अलग हो गए और 2018 में उनका तलाक हो गया। अंजना ने तलाक की वजह सार्वजनिक नहीं की, लेकिन माना जाता है कि यश कुमार और निधि झा के बीच बढ़ती नजदीकियों ने इस रिश्ते में दरार डाल दी थी।
फिलहाल, यश कुमार और निधि झा अपनी नवजात बेटी के साथ नए पैरेंटहुड फेज का आनंद ले रहे हैं। फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार बधाइयां दे रहे हैं।


