पटना/औरंगाबाद। बिहार के पटना, अरवल, जहानाबाद और औरंगाबाद जिले के लाखों लोगों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होने जा रही है। रेल मंत्रालय ने बिहटा–अनुग्रह नारायण रोड नई रेल लाइन परियोजना को हरी झंडी दे दी है। इस परियोजना पर ₹3606.42 करोड़ की लागत आएगी और कार्य तत्काल प्रभाव से शुरू किया जाएगा।
परियोजना का स्वरूप
- नई रेल लाइन की लंबाई 117 किमी होगी।
- इससे बिहटा और अनुग्रह नारायण रोड के बीच सीधी कनेक्टिविटी स्थापित होगी।
- अनुग्रह नारायण रोड–औरंगाबाद के बीच पहले से स्वीकृत 13 किमी रेल लाइन पर कार्य प्रगति पर है।
- परियोजना के तहत बिहटा में आरओआर (रेलवे ओवर रेल) का भी निर्माण होगा, जिससे यातायात निर्बाध रूप से संचालित किया जा सकेगा।
क्षेत्रीय विकास को नई गति
इस परियोजना से मगध और शाहाबाद क्षेत्र में सामाजिक व आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
- पटना से अरवल और औरंगाबाद तक सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा।
- यात्रियों और व्यापारियों को नई सुविधा मिलेगी।
- इस क्षेत्र के धार्मिक, शैक्षणिक और औद्योगिक महत्व को बल मिलेगा।
रेलवे नेटवर्क को मिलेगा वैकल्पिक मार्ग
परियोजना पूरी होने के बाद डीडीयू–पटना–झाझा मेन लाइन और डीडीयू–गया–कोडरमा ग्रैंड कॉर्ड लाइन के बीच एक नया वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। इससे ट्रेन संचालन सुगम होगा और ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा।
रेल मंत्री की स्वीकृति
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रस्ताव पर मंजूरी देते हुए कहा है कि इस परियोजना पर तेजी से काम किया जाएगा और पूर्व मध्य रेल को समेकित रूप से कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।


