संदिग्ध हालात में महिला की मौत:पति बोला- टीबी से पीड़ित थी, इलाज के पैसे नहीं थे

मांझी टोला में खून की उल्टी के बाद तोड़ा दम, पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए

सुल्तानगंज।नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड-19 स्थित आदर्शनगर मांझी टोला में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान खुशबू देवी के रूप में हुई है, जो राजकिशोर साह की दूसरी पत्नी थी। रविवार सुबह उसकी मौत की खबर मिलते ही मोहल्ले में लोगों की भीड़ जुट गई।


पति का दावा- टीबी से थी पीड़ित

मृतका के पति राजकिशोर साह ने पुलिस को बताया कि खुशबू देवी काफी समय से टीबी से पीड़ित थी। शनिवार की रात अचानक उसे खून की उल्टी हुई। आर्थिक हालत खराब होने के कारण वह उसे किसी बड़े अस्पताल में भर्ती नहीं करा सका। इलाज के अभाव में रविवार सुबह उसकी मौत हो गई।


8 साल पहले हुई थी शादी, दो छोटे बच्चे

खुशबू देवी की शादी करीब आठ वर्ष पहले राजकिशोर साह से हुई थी। उनके दो छोटे बच्चे हैं। राजकिशोर फेरी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घर की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है।


स्थानीय लोगों को हुआ शक, 112 पर दी सूचना

महिला की मौत को लेकर मोहल्ले के कुछ लोगों को संदेह हुआ। इसके बाद किसी स्थानीय व्यक्ति ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


पहली पत्नी की भी हो चुकी है मौत

बताया जाता है कि राजकिशोर साह की पहली पत्नी रीता देवी की भी करीब 12 वर्ष पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। लगातार दो पत्नियों की मौत को लेकर भी इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।


पुलिस बोली- मामला संदिग्ध

थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया—
“प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।”


फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

  • Related Posts

    अलीगढ़ में सनसनीखेज वारदात: प्रेमिका की हत्या के बाद प्रेमी ने बनाया ‘The End’ वीडियो, फिर ट्रेन के आगे कूदकर दे दी जान

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    पटना–गया रेलखंड पर दो दर्दनाक हादसे: ट्रेन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत, सांप से बचने के दौरान हुआ बड़ा हादसा

    Share Add as a preferred…

    Continue reading