
पटना। बिहार विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान सदन में हल्की नोकझोंक और राजनीतिक तंज का दिलचस्प माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी खास शैली में विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि विकास कार्यों में सहयोग की जगह बाधा पैदा की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने विपक्षी विधायकों की ओर देखते हुए मुस्कुराते हुए पूछा—
“आप लोग काहे नहीं काम करते हैं जी? बाकी सब लोग काम में लगे हैं। काम होगा तो फायदा सबको होगा.”
सीएम के इस बयान पर सदन में एक पल के लिए ठहाके गूँज उठे। इसी दौरान आरजेडी विधायक भाई विरेंद्र ने अपनी सीट से टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री को टोका। जवाब में नीतीश कुमार ने पुराने राजनीतिक दौर की याद दिलाते हुए कहा—
“हम दो बार आप लोगों को अलग तरफ रखे थे। कितना काम किए थे तब! उस समय आप मेरा हर बात मान लेते थे। बाद में गड़बड़ किए तो हम छोड़ दिए। अब कभी उधर नहीं जाएंगे। अब तो अपना है, वहीं रहेंगे.”
नीतीश कुमार ने यह भी कहा कि राज्य में विकास के जितने काम हुए हैं, उनकी अनदेखी नहीं करनी चाहिए।
“इतना काम हुआ है, इसे याद रखिए… जनता सब देख रही है।” —सीएम ने कहा।
दिलचस्प बात यह रही कि इस पूरे वाकये के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सदन में मौजूद नहीं थे, जिस पर सत्ता पक्ष के कई नेताओं ने हल्की चुटकी भी ली।
राज्यपाल के अभिभाषण पर हुई चर्चा के दौरान सरकार ने बीते एक वर्ष में हुए कार्यों का विस्तृत ब्योरा सदन के सामने रखा और आने वाली योजनाओं को लेकर भी रोडमैप प्रस्तुत किया।


