- जहानाबाद की बेटी की संदिग्ध मौत मामले में केंद्रीय एजेंसी की एंट्री; बिहार सरकार की सिफारिश के 12 दिन बाद एक्शन
- सीबीआई ने दर्ज किया नया मुकदमा, अभी पॉक्सो एक्ट नहीं; एएसपी पवन कुमार श्रीवास्तव बनाए गए जांच अधिकारी (IO)
- गर्ल्स हॉस्टल की फिर होगी बारीकी से जांच; पटना पुलिस ने सौंपी एफआईआर, पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट
द वॉयस ऑफ बिहार (पटना)
पटना में जहानाबाद की नीट (NEET) छात्रा के साथ हुई दरिंदगी और उसकी संदिग्ध मौत के मामले में अब न्याय की उम्मीदें बढ़ गई हैं। इस दिल दहला देने वाली घटना की जांच अब देश की सबसे बड़ी जांच एजेंसी सीबीआई (CBI) ने अपने हाथों में ले ली है। बिहार सरकार द्वारा केंद्र से सिफारिश किए जाने के 12 दिन बाद सीबीआई की पटना इकाई ने गुरुवार को इस संबंध में हत्या के प्रयास का नया मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एएसपी पवन श्रीवास्तव करेंगे जांच
सीबीआई ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी पवन कुमार श्रीवास्तव को केस का अनुसंधान पदाधिकारी (IO) नियुक्त किया है।
- धाराएं: एजेंसी ने फिलहाल हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। गौरतलब है कि सीबीआई ने अभी तक पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज नहीं किया है।
- दस्तावेज हैंडओवर: सीबीआई के केस टेकओवर करते ही पटना पुलिस ने एफआईआर की कॉपी, अब तक के अनुसंधान के दस्तावेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल (FSL) रिपोर्ट केंद्रीय एजेंसी को सौंप दी है।
मुन्नाचक के हॉस्टल की होगी नए सिरे से जांच
केस दर्ज करने के बाद सीबीआई की टीम गुरुवार दोपहर चित्रगुप्त नगर थाना पहुंची और पुलिस की अब तक की कार्रवाई का ब्योरा लिया।
- सीबीआई की टीम अब कंकड़बाग के मुन्नाचक स्थित उस गर्ल्स हॉस्टल समेत सभी ठिकानों की नए सिरे से जांच करेगी, जहां छात्रा रहती थी।
- टीम पटना एसएसपी और आईजी के नेतृत्व में गठित एसआईटी (SIT) से भी विस्तृत जानकारी लेगी।
फ्लैशबैक: क्या हुआ था उस दिन?
यह मामला 9 जनवरी 2026 को चित्रगुप्त नगर थाने में दर्ज (कांड संख्या 14/26) छात्रा के पिता के बयान से सामने आया था।
- 6 जनवरी की घटना: पिता को खबर मिली थी कि उनकी बेटी हॉस्टल में बेहोश पड़ी है। केयर टेकर ‘नीतू मैम’ ने बताया कि उसे डॉ. सहजानंद के क्लिनिक में भर्ती कराया गया है।
- दरिंदगी के निशान: बाद में उसे राजेंद्र नगर के प्रभात मेमोरियल हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया। पिता ने आरोप लगाया था कि हॉस्टल में बच्ची के साथ मारपीट और गलत काम हुआ है। उसके शरीर और सिर पर चोट के गंभीर निशान थे।
- मौत: 6 दिनों तक मौत से जूझने के बाद 11 जनवरी को नीट छात्रा ने दम तोड़ दिया था।


