पटना, बाढ़:बिहार की राजधानी पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। बीपीएससी से चयनित एक शिक्षिका रोमा कुमारी ने अपने प्रेमी निर्मल पासवान के साथ मिलकर अपने 13 वर्षीय बेटे की हत्या कर दी। बेटे ने अपनी मां के प्रेम-प्रसंग का विरोध किया था। इस पर नाराज होकर मां ने पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की और फिर शव को ठिकाने लगाने के लिए झाड़ियों में फेंककर जला दिया।
हत्या की रात और साजिश का खुलासा
घटना 14 जून की है। आरोपी शिक्षिका रोमा अपने दोनों बच्चों के साथ पटना में रह रही थी, जबकि उसके पति प्रमोद कुमार गुप्ता से विवाद लंबे समय से चल रहा था। रोमा का प्रेम संबंध रोहतास में कार्यरत ट्रेनिंग कॉलेज के प्राचार्य निर्मल पासवान से था। जब उसके बेटे को इस रिश्ते की जानकारी हुई, तो उसने इसका विरोध किया। इसी विरोध ने उसे अपनी जान गंवाने को मजबूर कर दिया।
शव को कार से ले जाकर जलाया गया
पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद रोमा और निर्मल ने शव को कार में रखा और कोनहर पुल के पास बेढ़ना फोरलेन किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। इसके बाद उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी।
15 जून को जब स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में जले हुए शव को देखा, तो पुलिस को सूचना दी गई। ग्रामीण एसपी विक्रम सिहाग के नेतृत्व में की गई जांच में यह चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई।
पति ने मांगा फांसी की सजा
मृतक के पिता प्रमोद कुमार गुप्ता ने रोमा पर पहले से चरित्रहीन होने का आरोप लगाया और बेटे की हत्या के लिए फांसी की सजा की मांग की है। उनका कहना है कि वह लंबे समय से पत्नी के व्यवहार को लेकर परेशान थे और अब उनका शक सच साबित हुआ।
पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार, प्रेमी फरार
इस मामले में आरोपी शिक्षिका रोमा कुमारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, उसका प्रेमी निर्मल पासवान फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।


