बिहार में गेहूं की खरीदारी 1 अप्रैल से, MSP पर मिलेगी उचित कीमत

बिहार सरकार ने घोषणा की है कि राज्य में किसानों से गेहूं की खरीदारी 1 अप्रैल 2026 से शुरू होगी और यह प्रक्रिया 15 जून 2026 तक चलेगी। सहकारिता विभाग ने किसानों से खरीदारी के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह खरीदारी पैक्सों और व्यापार मंडलों के माध्यम से की जाएगी, और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर भुगतान किया जाएगा।

गेहूं की कीमत में 160 रुपये का इजाफा

केंद्र सरकार ने रबी विपणन मौसम 2026-27 के लिए गेहूं का MSP 2,585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 160 रुपये अधिक है। इससे राज्य के गेहूं उत्पादक किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा। इस साल बिहार में गेहूं अधिप्राप्ति का लक्ष्य 0.18 लाख मीट्रिक टन रखा गया है।

किसानों को किया जा रहा जागरूक

सहकारिता विभाग राज्य के सभी जिलों में किसानों को अधिप्राप्ति प्रक्रिया, निबंधन और भुगतान व्यवस्था के बारे में जागरूक कर रहा है। विभाग ने पिछले दिनों पैक्सों और व्यापार मंडलों में किसानों के साथ बैठकें भी आयोजित की थीं, ताकि उन्हें पूरी जानकारी मिल सके।

गेहूं के लिए रजिस्ट्रेशन

किसान अपने गेहूं की बिक्री के लिए dbtagriculture.bihar.gov.in पर ऑनलाइन निबंधन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 21 जनवरी से शुरू हो चुकी है।

भुगतान व्यवस्था

गेहूं बिक्री के बाद किसानों के नामित बैंक खाते में 48 घंटों के भीतर भुगतान किया जाएगा। किसान अपनी सुविधा के अनुसार पंचायत स्तर के पैक्स या प्रखंड स्तर के व्यापार मंडल में गेहूं बेच सकते हैं।

हेल्पलाइन और संपर्क

किसान सहकारिता विभाग से किसी भी जानकारी के लिए अपने प्रखंड में पदस्थ सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी या संयुक्त निबंधक से संपर्क कर सकते हैं।
इसके अलावा, गेहूं अधिप्राप्ति से संबंधित किसी भी प्रश्न के लिए विभागीय हेल्पलाइन नंबर: 0612-2200693 उपलब्ध है।


 

  • ये भी पढ़े..

    डेंगू के बढ़ते खतरे के बीच अलर्ट: PMCH में 20 बेड का विशेष वार्ड तैयार, पूरे बिहार में स्वास्थ्य विभाग ने तेज की तैयारी

    Share Add as a preferred…

    बिहार कृषि विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर और पीएचडी प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न

    Share Add as a preferred…