
बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात ने भारी तबाही मचाई है। जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर प्राकृतिक आपदा ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। अलग-अलग जिलों में हादसों के कारण आधा दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
खगड़िया में खेत की रखवाली कर रहे दो किसानों की मौत
खगड़िया जिले के मथार दियारा गांव में गंगा किनारे खेत की रखवाली कर रहे दो बुजुर्ग किसानों पर ठनका गिर गया। हादसे में 63 वर्षीय गोरख यादव और 60 वर्षीय सापो यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
मुजफ्फरपुर में ताड़ का पेड़ गिरने से भाई-बहन की जान गई
मुजफ्फरपुर के मीनापुर इलाके में तेज आंधी के दौरान ताड़ का पेड़ घर पर गिर पड़ा। हादसे में घर में सो रहे भाई-बहन की दबकर मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
मुंगेर में दीवार गिरने से महिला की मौत
मुंगेर के चंदनबाग इलाके में पड़ोसी के मकान की दीवार और ऐलबेस्टर गिरने से एक महिला की मौत हो गई। वहीं असरगंज में बरगद का विशाल पेड़ घर पर गिरने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
मोतिहारी में युवक की दर्दनाक मौत
मोतिहारी के सुगौली में आंधी के दौरान मकान का हिस्सा गिर गया, जिससे अजीत ओझा नामक युवक मलबे में दब गया और उसकी मौत हो गई। वहीं पताही प्रखंड में दीवार गिरने से मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
भागलपुर और बगहा में भी हादसे
भागलपुर के भोजपुर गांव में बिजली का खंभा झोपड़ी पर गिरने से रंजू देवी की मौत हो गई। वहीं बगहा में पेड़ गिरने से 71 वर्षीय प्रभावती देवी की जान चली गई।
मौसम विभाग का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) पटना ने अगले कुछ घंटों के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार औरंगाबाद और गया समेत कई इलाकों में तेज मेघगर्जन, वज्रपात और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
लोगों से अपील
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहने की अपील की है। खासकर किसानों और ग्रामीण इलाकों के लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।


