गीत, संगीत और नुक्कड़ नाटक के जरिए मतदाताओं को किया जा रहा जागरूक — मधेपुरा में सांस्कृतिक दल ने चलाया अभियान

मधेपुरा, 31 अक्टूबर 2025।बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत मतदाता जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सांस्कृतिक माध्यमों का सहारा लिया जा रहा है। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, पटना की ओर से मां सीता सेवा सदन, सराय, पटना नामक पंजीकृत सांस्कृतिक दल द्वारा मधेपुरा जिले में गीत, संगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

यह कार्यक्रम अपर महानिदेशक एस.के. मालवीय और कार्यालय प्रमुख कुमार सौरभ के दिशा-निर्देश में तथा स्वीप कोषांग मधेपुरा के नोडल अधिकारी रिपुदमन और प्रखंड विकास पदाधिकारी के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

30 अक्टूबर को मधेपुरा के कर्पूरी चौक पर आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक दल ने अपने प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मतदान के महत्व पर प्रकाश डाला। गीत-संगीत और नाटक के जरिए यह संदेश दिया गया कि “मतदान हमारा अधिकार ही नहीं, कर्तव्य भी है।” लोगों ने बड़ी संख्या में कार्यक्रम में भाग लिया, कलाकारों की प्रस्तुति को सराहा और 6 नवंबर को होने वाले मतदान में शामिल होकर लोकतंत्र को मजबूत करने का संकल्प लिया।

जानकारी के अनुसार यह अभियान 30 अक्टूबर से 4 नवंबर 2025 तक जिले के विभिन्न इलाकों — कर्पूरी चौक, आलमनगर बाजार, उदाकिशनगंज बस स्टैंड, गांधी चौक, स्टेशन रोड, बिहारीगंज, सिंहेश्वर मंदिर प्रांगण, डाक बंगला चौक फुलौत और चौसा में आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. शिप्रा कुमारी, समाहरणालय के सहयोगी अधिकारीगण और जीविका दीदियां भी मौजूद रहीं। सभी ने एक स्वर में अपील की कि हर नागरिक लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे।


 

WhatsApp Channel VOB का चैनल JOIN करें
  • Related Posts

    सिवान में रंगदारी का सनसनीखेज मामला, सांसद और विधायक को मिली जान से मारने की धमकी

    Continue reading
    नालंदा में उम्रदराज महिलाओं ने दी परीक्षा, साक्षरता अभियान में बढ़ा उत्साह

    Continue reading