शंकर शाह विक्रमशिला महाविद्यालय, कहलगांव में मतदाता जागरूकता अभियान: “पहले मतदान, फिर जलपान”

भागलपुर, 18 अक्टूबर 2025: बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 के तहत भागलपुर में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने और मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से शंकर शाह विक्रमशिला महाविद्यालय, कहलगांव में मतदाता जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अजय कुमार एवं श्री उमा शंकर पासवान ने किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य डॉ. सिकंदर चौधरी ने की। अपने संबोधन में प्राचार्य ने छात्रों और महाविद्यालय के शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मियों से कहा कि “पहले मतदान, फिर जलपान” की भावना को अपनाएं और अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।

इस अवसर पर सहायक प्राध्यापक श्री नमन कुमार ने छात्रों को वोटर आईडी और मतदान प्रक्रिया के बारे में सरल और सुलभ जानकारी दी। आरपीएम के शिक्षक डॉ. दिलीप कुमार चौधरी ने मतदान के महत्व और भारत में कम मतदान के मामलों की गंभीरता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अन्य वक्ताओं में डॉ. कीर्ति वर्धन गौतम (रसायन शास्त्र), शत्रुघन कुमार (अर्थशास्त्र), श्री शेखर सुमन (हिंदी), डॉ. बी. अमीरुन निसा (मनोविज्ञान), डॉ. सुबोध कुमार (गणित), डॉ. तस्लीम आरिफ (उर्दू) और डॉ. अजय कुमार (IRPM) शामिल थे। उन्होंने अपने विचार साझा कर विद्यार्थियों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाई।

मंच संचालन का दायित्व श्री उमाशंकर पासवान ने निभाया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने अपने-अपने मोहल्लों में मतदाता जागरूकता फैलाने का प्रण लिया।


 

  • Related Posts