
मुजफ्फरपुर, 14 सितंबर।नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शनिवार को कांटी में आयोजित जनसभा में बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इस बार बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव तेजस्वी लड़ेगा। राज्य सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि केवल जुमलों की बारिश हो रही है, लेकिन जमीनी काम नहीं।
रोजगार पर वादा, फैक्ट्रियों पर सवाल
तेजस्वी यादव ने कहा, “वोट बिहार से और फैक्ट्री गुजरात में, ये अब नहीं चलेगा। हमारी सरकार रोजगार पर काम करेगी।”
कांटी में उन्होंने प्रखंड मुख्यालय स्थित बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर स्मारक पार्क और प्रतिमा का अनावरण किया। साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह की स्मृति में बने द्वार का उद्घाटन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
विपक्ष का दबाव, सरकार की नकल
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जब उन्होंने पेंशन, डोमिसाइल और मुफ्त बिजली की मांग उठाई थी, तो सरकार ने दबाव में आकर इन्हें लागू किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा,
“तेजस्वी आगे-आगे और सरकार पीछे-पीछे चल रही है।”
तेजस्वी ने दावा किया कि उनकी सरकार बनी तो माई-बहिन मान योजना के तहत प्रत्येक महिला को पांच साल में डेढ़ लाख रुपये दिए जाएंगे।
चूहों पर तंज और भ्रष्टाचार के आरोप
तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर 80 हजार करोड़ रुपये का कोई हिसाब न देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई नहीं हो रही है।
सरकार पर तंज कसते हुए बोले,
“यह चूहों को संरक्षण देने वाली सरकार है। चूहा पुल काट लेता है तो पुल गिर जाता है। अस्पताल में मरीज की आंख चूहा निकाल लेता है।”


