भागलपुर (कहलगांव): बिहार के कहलगांव अनुमंडल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम-प्रसंग का अंत पंचायत के फैसले और शादी के साथ हुआ। शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र के रामपुर इलाके में एक युवक रात के अंधेरे में अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान गांव के लोगों ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल युवक के परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद दोनों पक्षों के लोग मौके पर पहुंचे। मामले को लेकर गांव में कई घंटों तक पंचायत चली, जिसमें समाज के बुजुर्ग और स्थानीय लोग शामिल रहे।
पंचायत के दौरान यह बात सामने आई कि युवक और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। ग्रामीणों और दोनों परिवारों की सहमति के बाद यह फैसला लिया गया कि दोनों की शादी कराई जाए, ताकि किसी प्रकार का सामाजिक विवाद न रहे।
इसके बाद गांव के ही एक मंदिर में विधि-विधान से प्रेमी-प्रेमिका की शादी कराई गई। शादी संपन्न होने के बाद युवती को दुल्हन के रूप में युवक के साथ विदा कर दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत का उद्देश्य समाज में शांति बनाए रखना था। वहीं, यह घटना एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में पंचायत द्वारा लिए जा रहे सामाजिक फैसलों को लेकर बहस को जन्म दे रही है।


