मुजफ्फरपुर में स्टेज शो के दौरान महिला डांसर से बदसलूकी का वीडियो वायरल, गायक पर उठे सवाल; डांसर बोली—‘हंसी-मजाक में हुआ’

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक शादी समारोह के दौरान आयोजित स्टेज शो का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक भोजपुरी गायक महिला डांसर को गोद में उठाकर मंच से नीचे भीड़ की ओर फेंकते हुए दिखाई दे रहा है। इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं और कलाकारों के व्यवहार पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज प्रखंड के राजेपुर थाना क्षेत्र स्थित मौना गांव की है। यहां 11 मार्च को अशोक यादव की बहन की शादी के मौके पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में मनोरंजन के लिए ऑर्केस्ट्रा और महिला डांसरों को बुलाया गया था।

कार्यक्रम के दौरान मंच पर डांस प्रस्तुति चल रही थी। इसी बीच भोजपुरी गायक धनंजय शर्मा मंच पर पहुंचे और अचानक एक महिला डांसर को गोद में उठाकर मंच से नीचे मौजूद भीड़ की ओर फेंक दिया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग कुछ पल के लिए हैरान रह गए। घटना का वीडियो किसी ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो वायरल होने के बाद शुरू हुई जांच
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई और मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। घटना को लेकर स्थानीय लोगों के बीच भी चर्चा का माहौल है। कई लोग इसे महिला कलाकार के साथ दुर्व्यवहार बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे कार्यक्रम के दौरान हुई नासमझी या मजाक का हिस्सा मान रहे हैं।

डांसर ने दिया वीडियो बयान
इस पूरे मामले में उस महिला डांसर का भी बयान सामने आया है। डांसर चंदा ने एक वीडियो जारी कर कहा कि स्टेज पर जो कुछ भी हुआ, वह कार्यक्रम के दौरान मजाकिया अंदाज में हुआ था। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी से कोई शिकायत नहीं है और घटना को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।

पुलिस ने क्या कहा
सरैया एसडीपीओ गरिमा ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें एक गायक द्वारा महिला डांसर को मंच से नीचे फेंकते हुए देखा जा रहा है। पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जानकारी ली है और संबंधित महिला से भी संपर्क किया गया है। महिला ने फिलहाल किसी प्रकार की शिकायत से इनकार किया है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि यदि इस मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त होता है तो कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

महिला डांसरों के साथ बदसलूकी के मामले पहले भी आए सामने
ऑर्केस्ट्रा और स्टेज कार्यक्रमों में महिला डांसरों के साथ बदसलूकी की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रही हैं। कई बार ऐसे कार्यक्रमों में भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था की कमी के कारण कलाकारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। हाल के महीनों में भी राज्य के अलग-अलग इलाकों से महिला कलाकारों के साथ दुर्व्यवहार और अपराध की घटनाएं सामने आई हैं, जिनकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

इस घटना के वायरल वीडियो ने एक बार फिर ऐसे आयोजनों में कलाकारों की सुरक्षा और आयोजकों की जिम्मेदारी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि फिलहाल संबंधित महिला ने इसे मजाक बताते हुए किसी तरह की शिकायत से इनकार किया है, लेकिन मामला सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

  • Related Posts

    “रावण की तरह होगा बीजेपी का खात्मा” – राज्यसभा चुनाव के बाद तेजस्वी यादव का बड़ा बयान

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    राज्यसभा चुनाव में एनडीए की पांचों सीटों पर जीत, जद(यू) नेता रंजीत कुमार झा ने जताई खुशी

    Share Add as a preferred…

    Continue reading