
भागलपुर: भागलपुर और आसपास के जिलों के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। करीब एक महीने से प्रभावित विक्रमशिला सेतु पर अब वाहनों का परिचालन दोबारा शुरू होने जा रहा है। सेतु पर तैयार किए गए बेली ब्रिज का अंतिम ट्रायल 6 जून को किया जाएगा। ट्रायल सफल रहने पर 7 जून से आम वाहनों के लिए पुल खोल दिया जाएगा।
डीएम खुद करेंगे अंतिम ट्रायल
जानकारी के अनुसार, भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी अंतिम ट्रायल के दौरान स्वयं वाहन से बेली ब्रिज पार कर उसकी मजबूती और सुरक्षा का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान विभिन्न प्रकार के वाहनों को पुल से गुजारा जाएगा ताकि तकनीकी रूप से इसकी क्षमता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
ट्रायल सफल होते ही शुरू होगा परिचालन
जिलाधिकारी ने बताया कि सभी आवश्यक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। यदि अंतिम परीक्षण सफल रहता है तो अगले दिन यानी 7 जून से पुल पर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि यातायात संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
भारी वाहनों की एंट्री पर रोक
बेली ब्रिज पर फिलहाल भारी वाहनों को चलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुल के दोनों छोर पर बैरियर लगाए जा रहे हैं और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
चेक पोस्ट पर मौजूद कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप वाहनों को ही पुल से गुजरने दिया जाए।
40 किमी प्रति घंटे होगी अधिकतम गति
पुल की सुरक्षा को देखते हुए वाहनों की अधिकतम गति सीमा 40 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। यह निर्णय विशेषज्ञों की तकनीकी रिपोर्ट और सुरक्षा मूल्यांकन के आधार पर लिया गया है।
प्रशासन का मानना है कि नियंत्रित गति से परिचालन होने पर पुल पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ेगा और यातायात सुरक्षित बना रहेगा।
दिन-रात काम कर रही इंजीनियरों की टीम
विक्रमशिला सेतु को जल्द चालू करने के लिए सीमा सड़क संगठन (BRO), निर्माण एजेंसियों और विभिन्न विभागों के इंजीनियर लगातार काम कर रहे हैं।
पुल तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों को दुरुस्त किया जा रहा है। साथ ही एंगल मरम्मत, सड़क मार्किंग, लाइनिंग और सिंगल लेन मॉनिटरिंग जैसी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
एक महीने से प्रभावित था आवागमन
गौरतलब है कि लगभग एक महीने पहले विक्रमशिला सेतु का एक स्लैब क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद इस मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया था।
इसके बाद प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बेली ब्रिज निर्माण का निर्णय लिया था। अब निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही लोगों को सामान्य आवागमन की सुविधा मिलने लगेगी।
लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
विक्रमशिला सेतु पूर्वी बिहार को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसके प्रभावित होने से भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया, सहरसा और कोसी-सीमांचल क्षेत्र के लाखों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
अब 7 जून से परिचालन शुरू होने के साथ ही लोगों को लंबी दूरी के वैकल्पिक मार्गों से राहत मिलने की उम्मीद है।


